सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। रामानुजनगर ब्लॉक के प्राथमिक शाला खोरखोरीपारा के हेडमास्टर हरिनंदन सिंह कथित रूप से शराब के नशे में स्कूल पहुंच गए। नशा इतना अधिक था कि वे ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे और स्कूल परिसर में बच्चों के जूते-चप्पलों के पास ही जमीन पर लेट गए। ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामले की जांच के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने हेडमास्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को हेडमास्टर हरिनंदन सिंह लड़खड़ाते हुए स्कूल पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने नशे की हालत में बच्चों और शिक्षकों के साथ गाली-गलौज भी की। घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण स्कूल पहुंचे और उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन हेडमास्टर ने उल्टा अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
ग्रामीणों ने जब कहा कि वीडियो कलेक्टर तक पहुंचाया जाएगा, तो हेडमास्टर ने कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा, “पटककर मारूंगा, क्या कर लोगे मेरा?” इसके बाद ग्रामीणों ने उनका वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो सामने आने के बाद प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी लता बेक ने रामानुजनगर बीईओ अवधेश कुमार साहू को जांच के निर्देश दिए। बीईओ ने स्कूल पहुंचकर शिक्षकों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। जांच में हेडमास्टर के नशे की हालत में स्कूल आने और अभद्र व्यवहार करने की पुष्टि होने पर रिपोर्ट डीईओ को भेजी गई।
रिपोर्ट के आधार पर प्रभारी डीईओ ने हेडमास्टर हरिनंदन सिंह को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय प्रतापपुर निर्धारित किया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि हेडमास्टर के खिलाफ पहले भी शराब पीकर स्कूल आने की शिकायतें की जा चुकी हैं। वहीं प्रभारी डीईओ लता बेक ने कहा कि स्कूलों में शराब के नशे में आने वाले शिक्षकों की जानकारी जुटाई जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





