कोरिया: 17 साल की छात्रा आत्महत्या मामले में बैकुंठपुर शहर में आक्रोश का माहौल बना हुआ है. गुरुवार को बड़ी संख्या में महिलाओं और आम लोगों ने चक्का जाम किया और घटना के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई. प्रदर्शन के दौरान पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रित माहौल बना रहा. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की भारी तैनाती की गई और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए रहा.
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने छात्रा की मौत को अत्यंत दुखद बताते हुए आरोप लगाया कि दोषियों के खिलाफ शीघ्र और कठोर कार्रवाई होना आवश्यक है. प्रदर्शनकारियों ने इस मामले में शामिल सभी आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की, साथ ही, जिस मार्ट का नाम मामले में सामने आया है, उस पर बुलडोजर चलाकर सख्त कार्रवाई करने की भी मांग की गई.

महिलाओं का प्रदर्शन, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. उनका कहना था कि जब तक दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. प्रदर्शन में विभिन्न सामाजिक संगठनों, महिला समूहों और स्थानीय नागरिकों ने भी भाग लिया तथा छात्रा के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग दोहराई.
आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिले, फांसी दी जाए. उनके दुकान पर बुलडोजर चलाया जाए. बच्ची की मां का रो रोकर बुरा हाल है- एरियट मिंज, स्थानीय
हमारी बच्ची के साथ जो अत्याचार हुआ है, उसके लिए न्याय चाहिए. पिता से भी पैसे मांगे गए. पहले 20 हजार दिया और उसके बाद 50 हजार मांगा गया. – नीरा सिंह, आदिवासी नेता
घटना को लेकर पूरे बैकुंठपुर शहर में आक्रोश का माहौल बना हुआ है. व्यापारिक प्रतिष्ठानों और आम लोगों के बीच भी इस मामले को लेकर व्यापक चर्चा रही. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस घटना ने समाज को झकझोर कर रख दिया है और ऐसे मामलों में त्वरित न्याय होना चाहिए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
इधर, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की. मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित रखा और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए. प्रशासन का कहना है कि छात्रा आत्महत्या मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





