दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक पिता ने अपनी ही 7 साल की मासूम बेटी को अपनी हवस का शिकार बनाया। हैरान करने वाली बात यह है कि जब पहली बार इस घिनौनी करतूत का पता चला, तो आरोपी के सगे भाई, जो कि पुलिस में एएसआई है, ने मामले को पुलिस तक पहुंचने नहीं दिया और परिवार की बदनामी का हवाला देकर आरोपी को बचा लिया। दूसरी बार वारदात होने पर मां ने खुद साहस दिखाते हुए आरोपी पिता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना स्मृति नगर थाना क्षेत्र की है। पीड़िता की मां ने बताया कि मार्च के महीने में आरोपी पिता ने अपनी बेटी के साथ गंदी हरकत की थी। डरी-सहमी बच्ची ने जब अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई, तो मां के पैरों तले जमीन खिसक गई।
पीड़िता की मां ने न्याय की उम्मीद में सबसे पहले अपने देवर को फोन किया, जो कि पुलिस विभाग में एएसआई के पद पर तैनात है। एक पुलिसकर्मी से उम्मीद थी कि वह कानून का साथ देगा, लेकिन इसके उलट उसने अपनी ड्यूटी निभाने के बजाय ‘परिवार की बदनामी’ का डर दिखाकर मामले को दबा दिया। उसने आरोपी भाई से माफी मंगवाकर उसे घर से दूर भेजने का झूठा भरोसा दिलाया और महिला को शिकायत करने से रोक दिया।
पुलिसकर्मी चाचा की ढील और कानूनी कार्रवाई न होने का फायदा उठाकर आरोपी पिता के हौसले और बुलंद हो गए। उसने जुलाई के महीने में दोबारा अपनी मासूम बेटी को अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया। इस बार मां ने चुप न रहने का फैसला किया और अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए खुद थाने पहुंची।
न्याय की आस में मां सबसे पहले दुर्ग के एक थाने पहुंची, जहां पुलिस ने घटनास्थल को स्मृति नगर थाना क्षेत्र का बताकर उसे वहां जाने को कहा। इसके बाद मां तुरंत अपनी बेटी को लेकर स्मृति नगर थाना पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।
इस अमानवीय घटना ने बच्ची के कोमल मन पर गहरा प्रभाव डाला है। बताया जा रहा है कि आरोपी पिता को देखते ही बच्ची बुरी तरह डर जाती थी और अपनी मां से लिपटकर जोर-जोर से रोने लगती थी। बच्ची अभी भी गहरे सदमे में है और इस घटना का उसके मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ा है।
फिलहाल, पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या पुलिसकर्मी चाचा की भूमिका पर भी कोई कार्रवाई की जाएगी, जिसने एक गंभीर अपराध को दबाने में अपने भाई की मदद की थी। पूरे इलाके में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





