रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश जिलों में मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तरी क्षेत्रों में कई स्थानों पर भारी वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक मानसून सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम रहा है, लेकिन अगले दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। हालांकि 8 अगस्त से वर्षा की तीव्रता और इसके फैलाव में कमी आने के संकेत मिले हैं।

इन क्षेत्रों में सबसे अधिक हुई बारिश
बीते 24 घंटों में रघुनाथ नगर और मालखरौदा में सर्वाधिक 8 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा सिमगा में 6 सेंटीमीटर तथा सुहेला, दोरनापाल, जैजैपुर, गिधौरी, टुंड्रा, छाल और देवभोग में 5-5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
वहीं भोथिया, बम्हनीडीह, पामगढ़, तमनार और नवागढ़ में 4-4 सेंटीमीटर वर्षा हुई। पलारी, पिपरिया, मुंगेली, सेवरीनारायण, बिलाईगढ़, मनोरा, जगरगुंडा, बिल्हा, सीपत, तिल्दा, साल्हेवारा, कापू, बलौदाबाजार, कांसाबेल, अकलतरा, अड़भार, कवर्धा, कोरबा, पौड़ी उपरोड़ा, खड़गवा, पटना और बिलासपुर सहित कई अन्य क्षेत्रों में 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
उत्तरी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा जारी रहने की संभावना जताई है। विशेष रूप से उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। विभाग ने लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
8 अगस्त से कमजोर पड़ सकता है मानसून
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 8 अगस्त से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। वर्षा की तीव्रता और इसका वितरण दोनों पहले की तुलना में कमजोर हो सकते हैं, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
रायपुर में दिनभर बादल और रुक-रुककर बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में रुक-रुककर बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने दिनभर गरज-चमक के साथ बारिश या हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने की संभावना जताई है, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा।
इन जिलों के लिए बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार को सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.




