रायपुर। राजधानी रायपुर के सदर बाजार इलाके में शुक्रवार देर रात एक जर्जर इमारत का सामने का हिस्सा अचानक गिर गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही भी रोकी गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के मुताबिक, जर्जर इमारत सहेली ज्वेलर्स के सामने स्थित है और उसके नीचे पान की दुकान संचालित होती है। इमारत का हिस्सा गिरने का आभास होते ही दुकानदार और आसपास मौजूद लोग समय रहते बाहर निकल गए। देर रात घटना होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
जर्जर भवन को लेकर पहले ही जारी हुआ था नोटिस
नगर निगम जोन-4 के कमिश्नर के मुताबिक, संबंधित मकान काफी जर्जर स्थिति में था और नगर निगम की ओर से भवन मालिक को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था।
घटना के बाद निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने का काम शुरू किया। आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया।
दिल्ली की घटना के बाद CM साय ने दिए थे सख्त निर्देश
गौरतलब है कि दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर जर्जर भवनों को लेकर सख्त निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में जर्जर और जोखिमपूर्ण भवनों की पहचान कर उनकी नियमित निगरानी करने तथा जरूरत पड़ने पर ऐसे भवनों को हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा था। उन्होंने स्पष्ट किया था कि भवनों की जांच में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
तेज आवाज में DJ बजाने से पुलिस ने किया मना
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से जर्जर भवन के पास तेज आवाज में डीजे या साउंड सिस्टम नहीं बजाने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने और इलाके को सुरक्षित करने के दौरान अतिरिक्त खतरा पैदा न हो, इसके लिए सावधानी बरती जा रही है।
फिलहाल नगर निगम की टीम क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करने में जुटी है। घटना ने एक बार फिर शहर में मौजूद जर्जर और जोखिमपूर्ण भवनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





