रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर पड़ गई हैं। बस्तर समेत कुछ इलाकों में बारिश हुई, जबकि रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में तेज धूप के कारण तापमान बढ़ा है। हालांकि वातावरण में नमी बनी हुई है, जिससे आने वाले दिनों में एक बार फिर बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
![]()
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम का यह बदलाव देखने को मिल सकता है।
बीते 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?
प्रदेश के कई हिस्सों में बीते 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान माना में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजधानी रायपुर में दिन का तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस रहा। धूप निकलने के कारण लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के मुताबिक सक्रिय सिस्टम झारखंड की ओर बढ़ रहा है, जिसके चलते मंगलवार से बस्तर संभाग में भी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। फिलहाल बंगाल की खाड़ी में कोई स्पष्ट मजबूत सिस्टम मौजूद नहीं है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
राजस्थान से जल्द विदा होगा मानसून
दक्षिण-पश्चिम मानसून अब धीरे-धीरे देश से विदाई की ओर बढ़ रहा है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक राजस्थान में बारिश की गतिविधियां थमने के बाद करीब 19 सितंबर से मानसून की विदाई शुरू होने की संभावना है।
हालांकि छत्तीसगढ़ में अभी मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है। सामान्य तौर पर प्रदेश में मानसून की अवधि 30 सितंबर तक मानी जाती है और इसके बाद अक्टूबर के पहले पखवाड़े तक इसकी वापसी हो जाती है।
आने वाले दिनों में वातावरण में नमी की मात्रा धीरे-धीरे कम होने से रात के तापमान और मौसम में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।
इन इलाकों में हुई बारिश
मौसम विभाग के वर्षा आंकड़ों के अनुसार बड़े बचेली (दंतेवाड़ा) में 6 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा करतला (कोरबा), देवभोग (गरियाबंद), छाल (रायगढ़) और नया बाराद्वार (सक्ती) में 3-3 सेमी बारिश हुई।
कवर्धा (कबीरधाम) और कटेकल्याण (दंतेवाड़ा) में 2-2 सेमी बारिश दर्ज की गई।
वहीं कसडोल (बलौदाबाजार), जगदलपुर (बस्तर), रायगढ़, सारागांव और पामगढ़ (जांजगीर-चांपा), लालपुर थाना, मुंगेली, भैसमा (कोरबा), घरघोड़ा और खरसिया (रायगढ़), बकावंड (बस्तर) तथा बोड़ला (कबीरधाम) में 1-1 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
फिलहाल प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कमजोर हैं, लेकिन अगले दो दिनों में कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.




