Raipur Crime: मिलने बुलाया, पेट्रोल लेकर पहुंचा प्रेमी; महिला को जिंदा जलाने का आरोप, इलाज के दौरान मौत

रायपुर। राजधानी रायपुर के माना एयरपोर्ट क्षेत्र में एक महिला को कथित तौर पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसी महिला को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक रविवार रात करीब साढ़े 9 से 10 बजे के बीच माना बस्ती से बरौंदा जाने वाली सड़क पर एटीसी बिल्डिंग के पीछे ग्रामीणों और राहगीरों ने एक महिला को झुलसी हालत में देखा। महिला की हालत देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

महिला करीब 65 से 70 फीसदी झुलसी हुई थी। सोमवार रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पांच साल पहले पति से हुई थी अलग

मृतका की पहचान राजकुमारी साहू (35) के रूप में हुई है, जो आरंग-समोदा क्षेत्र की रहने वाली थी। बताया गया है कि वह करीब पांच साल पहले अपने पति से अलग हो गई थी। इसके बाद वह बोरियाकला क्षेत्र में शदाणी दरबार के आसपास अकेले रहकर घरेलू काम करती थी।

मिलने के लिए बुलाने का आरोप

पुलिस के मुताबिक राजकुमारी और वीरू के बीच शादी से पहले प्रेम संबंध था। घटना वाली रात वीरू ने कथित तौर पर राजकुमारी को मिलने के लिए बुलाया था।

एएसपी ग्रामीण अभिषेक झा के अनुसार, पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर पेट्रोल लेकर मौके पर पहुंचा था। आशंका है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।

हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह और वारदात का पूरा घटनाक्रम पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

2021 के पुराने मामले की भी जांच

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी वीरू से जुड़े वर्ष 2021 के एक पुराने मामले की जानकारी भी मिली है। आरोप है कि उस दौरान वह आरंग के मोखला गांव पहुंचा था और राजकुमारी की सास पर टंगिये से हमला किया था।

पुलिस अब इस पुराने मामले और मौजूदा घटना के बीच संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है।

पुलिस जुटा रही साक्ष्य

महिला की मौत के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस घटनास्थल, प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित लोगों से मिली जानकारी के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।

फिलहाल पुलिस आरोपी की भूमिका, घटना के पीछे के विवाद और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...