डोंगरगढ़ में छीनी-हथौड़ी लेकर ATM में घुसा चोर, कैश निकालने से पहले पुलिस ने पकड़ा

डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ शहर के बस स्टैंड स्थित SBI ATM बूथ में चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक युवक कथित तौर पर छीनी और हथौड़ी लेकर ATM बूथ में घुसा और मशीन को तोड़कर उसमें रखी रकम निकालने का प्रयास किया। हालांकि, रकम निकालने से पहले ही स्थानीय लोगों और पुलिस की सक्रियता के चलते आरोपी को पकड़ लिया गया।

डोंगरगढ़ में SBI ATM तोड़ने की कोशिश, CCTV कैमरा तोड़ा और हथौड़ी-छीनी से  मशीन पर किए वार – दैनिक विश्वपरिवार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी ने ATM बूथ में प्रवेश करने के बाद सबसे पहले वहां लगे CCTV कैमरे को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद उसने छीनी और हथौड़ी की मदद से ATM मशीन के कवर और दरवाजे वाले हिस्से को तोड़ने की कोशिश की। लगातार वार किए जाने से मशीन का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

लोगों ने संदिग्ध युवक को पकड़ा

ATM बूथ में संदिग्ध गतिविधि देखकर आसपास के लोगों को शक हुआ। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और एक युवक को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम भी मौके पर पहुंच गई और संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।

रेलवे स्टेशन से लौट रहे SBI कर्मचारी की भी पड़ी नजर

घटना के दौरान स्थानीय निवासी और SBI कर्मचारी अंजल निगम भी अपने रिश्तेदार को रेलवे स्टेशन छोड़कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर बस स्टैंड स्थित ATM बूथ की ओर गई। अंजल निगम के मुताबिक, वहां कुछ स्थानीय लोग पहले से मौजूद थे और उन्होंने एक संदिग्ध युवक को पकड़ रखा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

आरोपी के पास मिली छीनी और हथौड़ी

डोंगरगढ़ SDOP केसरी नंदन नायक के मुताबिक, रात में पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान ATM के पास एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। जांच के दौरान उसके पास छीनी और हथौड़ी मिली। आरोपी ने ATM मशीन के कवर वाले हिस्से को तोड़ दिया था।

पुलिस ने संदिग्ध को मौके से पकड़कर थाने लाया। पूछताछ में उसकी पहचान सेवाराम वर्मा, निवासी अंडी के रूप में बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे की हालत में था और उस समय ज्यादा जानकारी नहीं दे पा रहा था।

कैश निकालने से पहले पकड़ा गया

स्थानीय लोगों की सतर्कता और पुलिस पेट्रोलिंग के चलते आरोपी ATM से रकम निकालने में सफल नहीं हो सका। हालांकि, व्यस्त बस स्टैंड इलाके में ATM बूथ में घुसकर CCTV कैमरे को नुकसान पहुंचाने और मशीन को तोड़ने की कोशिश से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल भी खड़े हुए हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी अकेले ATM तोड़ने पहुंचा था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। पुलिस की पूछताछ और जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...