BEML Plant in Mungeli: मुंगेली में स्थापित होगा BEML का भारी मशीनरी निर्माण संयंत्र, 79.70 एकड़ भूमि आवंटन को मंजूरी

BEML Plant in Mungeli: मुंगेली में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार, BEML का भारी मशीनरी निर्माण संयंत्र होगा स्थापित

रायपुर। छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य मंत्रिपरिषद ने मुंगेली जिले के पथरिया तहसील अंतर्गत ग्राम चंद्रगढ़ी में BEML के हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट (Heavy Earth Moving Equipment) निर्माण संयंत्र की स्थापना के लिए 79.70 एकड़ शासकीय भूमि रियायती दर पर आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

यह संयंत्र छत्तीसगढ़ का पहला अत्याधुनिक भारी मशीनरी निर्माण केंद्र होगा। प्रस्तावित प्लांट बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से लगभग 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित होगा, जिससे परिवहन, लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक गतिविधियों को बड़ा लाभ मिलने की संभावना है।

सरकार का मानना है कि BEML परियोजना से मुंगेली जिले में औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी। संयंत्र के शुरू होने के बाद स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। इसके अलावा तकनीकी प्रशिक्षण, एमएसएमई (MSME) इकाइयों, स्पेयर पार्ट्स निर्माण, परिवहन सेवाओं और अन्य सहायक उद्योगों के विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

जानकारी के अनुसार, प्रारंभिक चरण में BEML संयंत्र के लिए रायगढ़ और जांजगीर-चांपा जिलों में भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया चल रही थी। बाद में मुंगेली जिला प्रशासन ने सक्रिय पहल करते हुए ग्राम चंद्रगढ़ी में उपयुक्त शासकीय भूमि का प्रस्ताव शासन को भेजा, जिसे अब मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिल गई है।

मुंगेली के कलेक्टर कुंदन कुमार ने इसे जिले के औद्योगिक विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह संयंत्र मुंगेली को आधुनिक विनिर्माण और इंजीनियरिंग गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे न केवल रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, बल्कि जिले की आर्थिक गतिविधियों और निवेश को भी नई गति मिलेगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि BEML का यह निवेश छत्तीसगढ़ के औद्योगिक परिदृश्य को मजबूत करेगा और आने वाले वर्षों में मुंगेली को राज्य के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में शामिल करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel