Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टरों को दिया सुशासन का मंत्र, बोले- कर्तव्यनिष्ठ होकर करें जनसेवा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा (State Administrative Service) के 2025 बैच के प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टरों से मुलाकात कर उन्हें जनसेवा, सुशासन और संवेदनशील प्रशासन का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा केवल एक पद नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का महत्वपूर्ण दायित्व है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी शासन और आम जनता के बीच सबसे अहम कड़ी होते हैं। अधिकारियों के निर्णय, व्यवहार और कार्यशैली से ही नागरिकों का शासन पर विश्वास मजबूत होता है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी को अपने कार्य में संवेदनशीलता, पारदर्शिता, ईमानदारी और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध छत्तीसगढ़ के समग्र विकास में प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा बलों तथा केंद्र और राज्य सरकार की समन्वित रणनीति के चलते नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति में उल्लेखनीय सुधार आया है, जिससे दूरस्थ इलाकों में विकास कार्यों को नई गति मिली है।

मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षु अधिकारियों से विशेष रूप से जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

सुशासन पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रशासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीक आधारित बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने ई-ऑफिस प्रणाली और सुशासन एवं अभिसरण विभाग जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे प्रशासनिक कार्यों में तेजी और पारदर्शिता आई है।

मुख्यमंत्री ने राजस्व मामलों के त्वरित और मानवीय समाधान पर भी विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि भूमि, नामांतरण, सीमांकन और बंटवारे जैसे मामलों का समयबद्ध निराकरण होना चाहिए। साथ ही अधिकारियों को जनता की समस्याएं धैर्यपूर्वक सुनकर सहज, सुलभ और उत्तरदायी प्रशासन उपलब्ध कराने की सलाह दी।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी के संचालक टी.सी. महावर ने बताया कि राज्य प्रशासनिक सेवा के 2025 बैच के सात प्रशिक्षु अधिकारियों का इंडक्शन प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। अब सभी प्रशिक्षु प्रदेश के विभिन्न जिलों में डिप्टी कलेक्टर के रूप में पदस्थ होकर प्रशासनिक कार्यों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel