CG Weather: छत्तीसगढ़ में मानसून मेहरबान, रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश; ऑरेंज-यलो अलर्ट जारी

छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया है। राजधानी रायपुर में रविवार दोपहर तेज बारिश हुई, जबकि कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

कई जिलों में हुई जोरदार बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे में मनेन्द्रगढ़ में सर्वाधिक 8 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा बिल्हा और मैनपुर में 7-7 सेंटीमीटर, पटना में 6 सेंटीमीटर तथा मुंगेली, गरियाबंद, जनकपुर-भरतपुर, रामानुजगंज, बैकुंठपुर, लोरमी, मगरलोड और चिरमिरी समेत कई क्षेत्रों में 5 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं धमतरी, बीजापुर, कोंटा, सिमगा, पिथौरा और अन्य क्षेत्रों में 3 से 4 सेंटीमीटर तक वर्षा हुई।

रायपुर में आज भी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इन मौसम प्रणालियों का दिख रहा असर

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक झारखंड और बिहार के ऊपर बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण, उत्तरी बिहार से बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय द्रोणिका तथा उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिणी छत्तीसगढ़ के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में व्यापक वर्षा की स्थिति बनी हुई है। इन सिस्टमों के असर से अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

कई जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

इसके अलावा रायपुर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, कांकेर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर सहित कई जिलों के लिए अगले तीन घंटे के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...