Raipur Crime News: शराब पार्टी के बहाने बुलाकर युवक को जिंदा जलाया, 7 दिन बाद इलाज के दौरान मौत

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शराब पार्टी के बहाने बुलाए गए एक युवक को उसके ही दोस्तों ने कथित तौर पर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। गंभीर रूप से झुलसे 22 वर्षीय मोहम्मद शाकिब ने 7 दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद रविवार को दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

परिजनों के मुताबिक, रामसागर पारा का रहने वाला सोनू (18) मृतक शाकिब का स्कूल का पुराना दोस्त था। 12 जुलाई की शाम को सोनू और उसके कुछ अन्य साथी शाकिब को घर से शराब पार्टी का बहाना बनाकर अपने साथ ले गए थे।

परिजनों का आरोप है कि आरोपी सोनू ब्लिंकिट (Blinkit) में काम करता था और वह लगातार शाकिब पर भी इसी काम को करने का दबाव बना रहा था, जिसे शाकिब के घरवाले पहले ही मना कर चुके थे। इसके अलावा, मृतक की बहन शहरबान ने बताया कि कुछ समय पहले सोनू और शाकिब के बीच गाड़ी को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद से दोनों की बातचीत भी बंद थी। सोनू के गुस्से वाले स्वभाव के कारण परिवार ने शाकिब को उसके साथ ज्यादा न उठने-बैठने की हिदायत भी दी थी।

सुयश अस्पताल के पीछे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास खाली मैदान में ले जाने के बाद आरोपियों और शाकिब के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। यह विवाद जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गया।

आरोप है कि इसी दौरान शाकिब और उसकी स्कूटी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। इस वीभत्स घटना में शाकिब गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि मौके पर उसकी बाइक भी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब शाकिब स्कूटी पर बैठा हुआ था, तभी उस पर पेट्रोल डाला गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और बुरी तरह झुलसे शाकिब को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां 7 दिनों तक चले इलाज के बाद रविवार को उसने दम तोड़ दिया।

Raipur Crime Case | Youth Burnt Alive by Friends in Saraswati Nagar

मृतक की बहन शहरबान ने दर्द बयां करते हुए बताया कि घटना के बाद आरोपियों ने खुद फोन कर उनके भाई के जलने की सूचना दी थी। फोन पर आरोपी मुकेश ने यह तक स्वीकार किया था कि— “मेरी गलती है, मेरी गलती से वह जल गया।”

शाकिब के चचेरे भाई मोहम्मद वाजिद अली ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना के बाद से परिवार लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है, लेकिन पुलिस की कार्रवाई बेहद धीमी रही है। घटनास्थल का भी ठीक से निरीक्षण नहीं किया गया है।

मामले को लेकर डीसीपी (DCP) रोबिनसन गुड़िया ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोस्त स्कूटी जलाने गए थे और इसी दौरान युवक आग की चपेट में आ गया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में गहन जांच जारी है और जांच के बाद ही घटना के असली कारणों व तथ्यों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा।

शाकिब की मौत की खबर मिलते ही रविवार दोपहर से ही आक्रोशित रिश्तेदार और स्थानीय लोग सरस्वती नगर थाने के बाहर जमा हो गए। वे सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर थाने में डटे हुए हैं। पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाइश और जल्द कार्रवाई के आश्वासन के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...