रायपुर। छत्तीसगढ़ में साइक्लोन अर्नब के प्रभाव से बीते कुछ दिनों से जारी बारिश का दौर अब कमजोर पड़ने लगा है। 28 अक्टूबर से प्रदेश में शुरू हुई बारिश ने कई जिलों को प्रभावित किया। खासकर उत्तरी छत्तीसगढ़ में बादलों ने जमकर पानी बरसाया। हालांकि, मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अब बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। इसके साथ ही अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। यानी बारिश थमने के बाद लोगों को एक बार फिर गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है।
उत्तरी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश, कुसमी में 28 सेंटीमीटर वर्षा
शुक्रवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहा। उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी वर्षा दर्ज की गई। पिछले 48 घंटों के आंकड़ों के अनुसार कुसमी में सर्वाधिक 28 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
इसके अलावा चांदो और सामरी में 14-14 सेंटीमीटर, कुनकुरी में 12 सेंटीमीटर, तमनार और रामानुजगंज में 9-9 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं रायगढ़, कांसाबेल, सन्ना और बगभा में 8-8 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। किसानों को भी इस बेमौसम बारिश के चलते परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
रायपुर में बादलों का डेरा, गरज-चमक के साथ बौछारों के आसार
राजधानी रायपुर में शनिवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
दो दिनों में 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है तापमान
प्रदेश में लगातार बारिश के चलते तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ ही दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी। इससे कई इलाकों में गर्मी के साथ उमस भी बढ़ सकती है।
प्रदेश में अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।
कुछ इलाकों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है। वहीं एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है। अगले दो दिनों तक प्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने और तापमान बढ़ने के संकेत हैं।
ऐसे में लोगों को मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत है। खासकर गरज-चमक के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.




