Kerala Rain Alert: केरल में बारिश का कहर, 8 लोगों की मौत, 8 अब भी लापता

तिरुवनन्तपुरम। केरल में लगातार हो रही भारी बारिश ने व्यापक तबाही मचाई है। राज्य में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि आठ अन्य लोग लापता हैं। इसके अलावा 13 लोग घायल हुए हैं। मूसलाधार बारिश के कारण कई इलाकों में भूस्खलन, जलभराव और संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी से जुटा हुआ है।

केरल में बारिश: 24 घंटे में 24 भूस्खलन, 22 लोगों की मौत, 22,165 लोग  विस्थापित

सैकड़ों घर प्रभावित, हजारों लोग राहत शिविरों में

मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने रविवार को बताया कि भारी बारिश के कारण 27 घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, जबकि 196 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। प्रभावित लोगों की सुरक्षा के लिए राज्यभर में 209 राहत शिविर बनाए गए हैं, जहां 5,792 लोगों को सुरक्षित स्थानांतरित किया गया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सरकारी सहायता देने का आश्वासन दिया।

बारिश में कमी, लेकिन सतर्क रहने की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दिन की तुलना में बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आई है, जो राहत की बात है। हालांकि, उन्होंने विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठन और सरकारी एजेंसियां राहत एवं पुनर्वास कार्यों में लगातार जुटी हुई हैं। जिन इलाकों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति थी, वहां अब सफाई और सामान्य स्थिति बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया गया है।

मंत्री कर रहे हालात की निगरानी

राजस्व मंत्री एपी अनिल कुमार ने बताया कि वह स्वयं और अन्य मंत्री प्रभावित जिलों का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारी बारिश से राज्य में व्यापक नुकसान हुआ है, लेकिन अब धीरे-धीरे हालात में सुधार देखने को मिल रहा है।

320 मिमी तक दर्ज हुई बारिश

केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केएसडीएमए) के अनुसार, शनिवार को राज्य के कुछ हिस्सों में 320 मिमी तक बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा कन्नूर जिले के अय्यंकुन्नु क्षेत्र में हुई, जिसके चलते कई इलाकों में जलभराव और भूस्खलन की स्थिति पैदा हो गई। प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel