रायपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत बेहतर प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि मिली है। भारत सरकार के केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्य को चार राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा प्रदेश के तीन नगरीय निकाय बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा का भी राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन हुआ है।
इन सभी को 20 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ समारोह में सम्मानित किया जाएगा। यह उपलब्धि पथ विक्रेताओं और छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिलने के रूप में देखी जा रही है।

बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को भी सम्मान
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए चयनित नगरीय निकायों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ को चार राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा का चयन इन नगरीय निकायों के बेहतर कामकाज और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए किए गए प्रयासों का परिणाम है।
छोटे कारोबारियों को आत्मनिर्भर बनाने में मददगार योजना
अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों और सड़क किनारे कारोबार करने वाले पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनने के अवसर दे रही है। योजना के माध्यम से छोटे व्यापारियों को आर्थिक गतिविधियां आगे बढ़ाने में सहायता मिल रही है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय स्तर पर मिलने वाला यह सम्मान नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के हित में और अधिक सक्रियता तथा प्रतिबद्धता के साथ काम करने के लिए प्रेरित करेगा।
20 नवंबर को नई दिल्ली में होगा पुरस्कार समारोह
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने पत्र जारी कर छत्तीसगढ़ और प्रदेश के तीन नगरीय निकायों के चयन की जानकारी दी है।
भारत सरकार की ओर से पुरस्कार समारोह में शामिल होने के लिए राज्य शासन और संबंधित नगरीय निकायों के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को आमंत्रित किया गया है।
डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में मिलेगा सम्मान
‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ समारोह का आयोजन 20 नवंबर को नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के साथ बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
इस उपलब्धि से प्रदेश में पथ विक्रेताओं के कल्याण और छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को नई पहचान मिलेगी।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





