रायपुर। राजधानी रायपुर में बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे में 4 साल के मासूम की नाले में डूबने से मौत हो गई। घटना राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के महात्मा गांधी नगर की है, जहां गली में बच्चों के साथ खेल रहा काव्यांश साहू अचानक बारिश के पानी से भरे नाले में गिर गया। बहाव तेज होने के कारण मासूम करीब 500 मीटर दूर तक बह गया।
![]()
स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को नाले से बाहर निकाला गया और गंभीर हालत में मेडिशाइन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्चों के साथ खेल रहा था मासूम
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को 4 वर्षीय काव्यांश साहू गली में 4-5 अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। बारिश के कारण गली और आसपास पानी भरा हुआ था। इसी दौरान खेलते-खेलते मासूम अचानक नाले में जा गिरा।
नाले में पानी का बहाव तेज था, जिसके चलते बच्चा बहते हुए घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर पहुंच गया। बताया जा रहा है कि नाला करीब तीन फीट गहरा था।
बड़ी बहन मां को बुलाने चली गई
घटना के समय काव्यांश की बड़ी बहन भी आसपास मौजूद थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के बाद वह पास के दुकानदार से तत्काल मदद मांगने के बजाय अपनी मां को बुलाने चली गई। इसी दौरान मासूम पानी के बहाव में आगे निकल गया।
बाद में स्थानीय लोगों ने बच्चे को नाले से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
काम के सिलसिले में लखनऊ गए हैं पिता
काव्यांश के पिता खिलेश साहू मिस्त्री का काम करते हैं और इन दिनों काम के सिलसिले में लखनऊ गए हुए हैं। रायपुर में काव्यांश अपनी मां किरण साहू और बड़ी बहन वर्षा साहू के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि इसी महीने काव्यांश का जन्मदिन भी था।
मासूम की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
खुले नाले और जलभराव पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद शहर में खुले नालों और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई जगह नालियां और नाले खुले पड़े हैं। बारिश के दौरान पानी भर जाने से सड़क और नाले के बीच अंतर करना मुश्किल हो जाता है, जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है।
लोगों का कहना है कि नगर निगम को बारिश शुरू होने से पहले खुले नालों और खतरनाक गड्ढों को सुरक्षित करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए थे। 4 साल के मासूम की मौत ने एक बार फिर राजधानी में नाला और जलनिकासी व्यवस्था की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





