रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर का महादेव घाट गुरुवार शाम सवा लाख दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। खारुन नदी के तट पर विराट दीपोत्सव एवं महाआरती ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान 1.25 लाख दीप प्रज्वलित किए गए और खारुन मैया की विधि-विधान से महाआरती की गई। मुख्यमंत्री साय ने भी महाआरती में सहभागिता करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपना जीवन राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में विकास और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि महादेव घाट पर जलाए गए सवा लाख दीप छत्तीसगढ़वासियों की ओर से प्रधानमंत्री के प्रति स्नेह और शुभकामनाओं का प्रतीक हैं।
अनुच्छेद 370 और राम मंदिर का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार के कार्यकाल के दौरान लिए गए विभिन्न निर्णयों का उल्लेख किया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के प्रावधान हटाए जाने और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को प्रमुख घटनाओं के तौर पर गिनाया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीबों के लिए आवास, शौचालय, जन-धन खाते, गैस कनेक्शन और खाद्यान्न सुरक्षा जैसी योजनाओं के माध्यम से सुविधाएं पहुंचाने का काम किया गया है।
CM साय ने साझा किया प्रधानमंत्री के साथ काम करने का अनुभव
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्हें केंद्र सरकार में केंद्रीय राज्यमंत्री के रूप में उनके साथ काम करने का अवसर मिला था। उन्होंने प्रधानमंत्री की कार्यशैली, अनुशासन और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण का भी उल्लेख किया।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है।
एक महीने तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
मुख्यमंत्री के अनुसार, छत्तीसगढ़ में भी इस अभियान के तहत स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अभियान में सहभागिता करने और सेवा से जुड़े कार्यों को अपने गांव, शहर और समाज तक पहुंचाने की अपील की।
रायपुर में करीब 32 लाख दीप जलाने की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर रायपुर में विभिन्न स्थानों पर करीब 32 लाख दीप प्रज्वलित कर शुभकामनाएं व्यक्त की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में दीप प्रकाश, आशा और विश्वास का प्रतीक है। महादेव घाट पर प्रज्वलित प्रत्येक ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना के साथ सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक हुए शामिल
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं कार्यक्रम की संयोजक लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत और मोतीलाल साहू, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, कौशल्या साय समेत कई जनप्रतिनिधि, विभिन्न आयोगों के पदाधिकारी, सनातन ध्वज वाहिनी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान साध्वी प्रज्ञा भारती और आचार्यों ने खारुन मैया की महाआरती कराई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्पित साध्वी प्रज्ञा भारती द्वारा रचित एवं स्वरबद्ध गीत का भी मुख्यमंत्री ने विमोचन किया।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





