रायपुर। राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों तथा नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में मालवीय रोड और एमजी रोड क्षेत्र में पुलिस एवं नगर निगम की टीम ने कार्रवाई की।

मालवीय रोड में अतिक्रमण और नो-पार्किंग पर कार्रवाई
मालवीय रोड में एसीपी ट्रैफिक कमलजीत पाटले के नेतृत्व में यातायात पुलिस की टीम ने सड़क और फुटपाथ पर दुकान का सामान बाहर निकालकर रखने वाले दुकानदारों को समझाइश दी। व्यापारियों को निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यवसाय करने और सड़क या फुटपाथ पर सामान रखकर आवागमन बाधित नहीं करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वालों पर भी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने क्रेन की मदद से नो-पार्किंग में खड़े 9 वाहनों को हटाया और संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की।
पुलिस ने दुकानदारों और वाहन चालकों को समझाया कि सड़क का इस्तेमाल व्यावसायिक गतिविधियों या अनधिकृत पार्किंग के लिए न किया जाए। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी होती है।
MG रोड पर पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई
एमजी रोड क्षेत्र में एसीपी ट्रैफिक रमेश येरेवार के नेतृत्व में नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान दुकानों के सामने सड़क और फुटपाथ की ओर बाहर रखे गए डमी पुतलों और अन्य सामान को जब्त किया गया। साथ ही दुकानदारों से बाहर रखा सामान अंदर करवाकर सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
संयुक्त टीम ने व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दुकान की निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यवसाय करें। सड़क या फुटपाथ पर डमी पुतले, डिस्प्ले सामग्री, टेबल, स्टैंड या अन्य सामान रखकर पैदल और वाहन आवागमन में बाधा न डालें।
ट्रैफिक पुलिस की व्यापारियों और वाहन चालकों से अपील
यातायात पुलिस ने व्यापारियों से सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, दुकानों के बाहर सामान फैलाने और नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।
पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने और नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन नहीं खड़ा करने की अपील की है। वहीं व्यापारियों से भी सड़क और फुटपाथ पर किसी तरह की सामग्री रखकर अतिक्रमण नहीं करने को कहा गया है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





