Tamnar Education News: तमनार के बच्चों को मिली नई उड़ान, अदाणी फाउंडेशन के कोचिंग सेंटर से 39 का चयन

रायगढ़,  तमनार क्षेत्र में ग्रामीण और आदिवासी बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में अदाणी फाउंडेशन की पहल को इस वर्ष बड़ी सफलता मिली है। गारे पेलमा-3, गारे पेलमा-2 और पेलमा माइनिंग परियोजनाओं की सामाजिक सरोकार शाखा अदाणी फाउंडेशन द्वारा संचालित अदाणी जवाहर नवोदय विद्यालय कोचिंग सेंटर के 39 विद्यार्थियों ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विभिन्न प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में प्रवेश हासिल किया है।

यह कोचिंग सेंटर का अब तक का सर्वश्रेष्ठ परिणाम बताया जा रहा है। चयनित विद्यार्थियों में 34 का एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, एक का जवाहर नवोदय विद्यालय, तीन का उत्कर्ष विद्यालय और एक विद्यार्थी का सैनिक स्कूल में चयन हुआ है।

मिलूपारा गांव के 17 बच्चों का चयन

इस वर्ष तमनार के मिलूपारा गांव ने भी शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। गांव के कुल 17 विद्यार्थियों का विभिन्न प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में चयन हुआ है। इनमें अधिकांश विद्यार्थी श्रमिक परिवारों से आते हैं। सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद बच्चों ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।

निःशुल्क कोचिंग से ग्रामीण बच्चों को मिल रहा अवसर

अदाणी फाउंडेशन द्वारा संचालित यह कोचिंग सेंटर ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों के लिए पूरी तरह निःशुल्क है। यहां विद्यार्थियों को नियमित कक्षाओं के साथ अध्ययन सामग्री, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और अभ्यास परीक्षाओं की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।

इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक संसाधनों की कमी उनकी शिक्षा और भविष्य की राह में बाधा न बने।

तीन साल में 87 विद्यार्थियों का चयन

अदाणी फाउंडेशन की यह शैक्षणिक पहल पिछले तीन वर्षों से लगातार परिणाम दे रही है। वर्ष 2023 से अब तक कुल 87 विद्यार्थियों का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, सैनिक स्कूल और उत्कर्ष विद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में हो चुका है।

फाउंडेशन के अनुसार, इस सफलता में विद्यार्थियों की मेहनत के साथ शिक्षकों के समर्पण, अभिभावकों के सहयोग और पूरी टीम के निरंतर प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

शिक्षा के प्रति बढ़ रहा सकारात्मक माहौल

कोचिंग सेंटर से लगातार मिल रही सफलता का असर तमनार क्षेत्र के ग्रामीण और आदिवासी समुदायों में भी देखने को मिल रहा है। चयनित विद्यार्थियों की उपलब्धि से अन्य बच्चों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं और बेहतर शिक्षा के लिए प्रयास करने की प्रेरणा मिल रही है।

अदाणी फाउंडेशन शिक्षा को सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम मानते हुए ग्रामीण और आदिवासी बच्चों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। इस पहल से विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में प्रवेश का अवसर मिलने के साथ उनके परिवारों और समुदायों में भी शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel