v
कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र अंतर्गत नौगई गांव में रेत घाट के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की आगजनी की घटना में मौत हो गई। इस वारदात में गंभीर रूप से झुलसे शिक्षक नागेंद्र सिंह ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नौगई रेत घाट के संचालन और कथित अवैध रेत खनन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच देर रात तनाव बढ़ गया। आरोप है कि हमलावरों ने लल्ला सिंह के घर के बाहर उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी को घेर लिया और उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। वाहन में सवार लोग आग की चपेट में आ गए।
घटना में भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके भाई और शिक्षक नागेंद्र सिंह समेत अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को पहले अंबिकापुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान नागेंद्र सिंह की भी मौत हो गई। दो अन्य घायलों का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद पूरे घटनाक्रम और हत्या के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आएगी।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





