CG News: छत्तीसगढ़ के स्कूलों में सुरक्षा पर सवाल, रायपुर-बेमेतरा में दो हादसों में 3 छात्र घायल

रायपुर। प्रदेश के स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। रायपुर और बेमेतरा जिलों के दो अलग-अलग स्कूलों में जर्जर भवन और खराब रखरखाव के कारण हुए हादसों में तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। इन घटनाओं ने स्कूलों की आधारभूत संरचना, सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रायपुर में कक्षा के दौरान छात्र पर गिरा सीलिंग फैन

रायपुर के माना स्थित राय पब्लिक स्कूल में शनिवार को प्रार्थना सभा के बाद चौथी कक्षा में पढ़ाई के दौरान अचानक सीलिंग फैन टूटकर एक छात्र पर गिर गया। हादसे में चौथी कक्षा के छात्र लक्ष्य पॉल के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। डॉक्टरों को उसके सिर पर चार टांके लगाने पड़े।

परिजनों का आरोप है कि स्कूल भवन की छत पुरानी सीमेंट की चादरों (शेड) से बनी हुई है और उस पर लगा पंखा भी काफी पुराना तथा जंग लगा हुआ था। उनका कहना है कि हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन ने बच्चे को किसी बड़े अस्पताल या सरकारी चिकित्सा संस्थान में ले जाने के बजाय केवल स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराकर औपचारिकता निभाई।

रायपुर के स्कूल में चाकूबाजी, मामूली विवाद के बाद 11वीं के छात्र पर सहपाठी  ने किया हमला

डीईओ बोले- मामले की कराई जाएगी जांच

रायपुर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) एस. सतीश ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं थी। उन्होंने मामले की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही।

बेमेतरा में जर्जर छत का प्लास्टर गिरने से दो छात्र घायल

दूसरी घटना बेमेतरा जिले के साजा विकासखंड के गुवारा स्थित शासकीय स्कूल में हुई। सोमवार को कक्षा में पढ़ाई के दौरान जर्जर छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर गिर गया। मलबे की चपेट में आने से पारस और प्रवेश नामक दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

शिक्षकों ने तत्काल दोनों छात्रों को थान खमरिया अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने दोनों बच्चों का सीटी स्कैन कराया है और उनका उपचार जारी है।

जर्जर कक्ष किया गया सील

बेमेतरा के बीईओ टी.जी. पात्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जिस कक्ष की छत का प्लास्टर गिरा, उसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। साथ ही भवन की स्थिति का निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel