छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन का बड़ा ऐलान, मनेंद्रगढ़ ब्लॉक कार्यकारिणी का पुनर्गठन

मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन जिला इकाई के निर्देशानुसार मनेंद्रगढ़ ब्लॉक में शिक्षकों के हितों की रक्षा और संगठन को धरातल पर अधिक मजबूत बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई। जिला संयोजक संजय ताम्रकार एवं ब्लॉक संयोजक विनोद सोनी की संयुक्त अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में न केवल ब्लॉक इकाई का पुनर्गठन कर नई ऊर्जावान कार्यकारिणी की घोषणा की गई, बल्कि पिछले कई वर्षों से लंबित शिक्षक समस्याओं पर प्रशासन की उदासीनता के खिलाफ आंदोलन की रणनीति भी तय की गई। संगठन को वार्ड और ग्रामीण स्तर तक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विकासखंड मनेंद्रगढ़ को पांच प्रमुख जोनों में विभाजित किया गया है, जिसके अंतर्गत 27 संकुलों में नए संकुल अध्यक्षों की नियुक्ति भी सुनिश्चित की गई है।

नवीन ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन: इन्हें मिली बड़ी जिम्मेदारियां

​बैठक में उपस्थित समस्त सदस्यों की सर्वसम्मति से नवीन कार्यकारिणी का विधिवत अनुमोदन किया गया, जिसमें निम्नलिखित पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं:

  • ब्लॉक अध्यक्ष: अभय तिवारी
  • ब्लॉक उपाध्यक्ष: पारसमणि, लवकुश गुप्ता, जितेन्द्र सिंह, गुरु प्रसाद चौधरी, अश्विनी मलिक
  • ब्लॉक सचिव: गौरव कुमार त्रिपाठी
  • सह सचिव: चन्द्रप्रकाश वर्मा
  • कोषाध्यक्ष: कंचन कुमार सिंह
  • प्रवक्ता: अनिल कुमार गुप्ता
  • मीडिया प्रभारी: मिथिलेश कुमार वैश्य

मुख्य ज्वलंत मुद्दे एवं आक्रोश के कारण

​बैठक में शिक्षकों ने प्रशासनिक लापरवाही और लेती-देती की कार्यशैली पर गहरा रोष प्रकट किया। मुख्य रूप से निम्नलिखित मुद्दों पर चर्चा हुई:

  1. युक्तिकरण में विसंगतियां: विगत वर्षों में हुए युक्तिकरण से प्रभावित शिक्षक-शिक्षिकाओं की समस्याओं और अभ्यावेदनों पर आज दिनांक तक प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे शिक्षकों में भारी रोष है।
  2. विकासखंड शिक्षा कार्यालय की कार्यशैली का विरोध: सेवा पुस्तिका सत्यापन, सीएल (आकस्मिक अवकाश) तथा ईएल (अर्जित अवकाश) को अद्यतन (अपडेट) न किए जाने और कार्यालय द्वारा भ्रामक जानकारियां देने के कारण कड़ा विरोध दर्ज किया गया।
  3. अर्जित अवकाश (ग्रीष्मावकाश ड्यूटी) का लाभ नहीं मिलना: जनगणना कार्य में लगाए गए शिक्षकों को चार्ज अधिकारी (तहसील) द्वारा कार्य का प्रमाण पत्र जारी नहीं किया जा रहा है। इसके परिणामस्वरूप कर्मचारियों को ग्रीष्मावकाश में मिलने वाले विशेष अर्जित अवकाश (EL) के लाभ से वंचित होना पड़ रहा है।
  4. डी.ई.ओ. कार्यालय की सुस्ती: पूर्व में दिए गए परीक्षा अनुमति आदेश को लंबे समय से जारी नहीं किया जा रहा है, जिससे शिक्षकों का भविष्य अधर में लटका हुआ है।

आगे की रणनीति: उच्चाधिकारियों से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल

​नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष अभय तिवारी एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि शिक्षकों के आत्मसम्मान और उनके जायज हक से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इन तमाम गंभीर समस्याओं को लेकर अतिशीघ्र जिला और ब्लॉक स्तर का एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल उच्चाधिकारियों से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपेगा। यदि प्रशासन ने समय रहते इन मांगों का सकारात्मक निराकरण नहीं किया, तो एसोसिएशन उग्र आंदोलन और घेराव के लिए बाध्य होगा।

बैठक में मुख्य उपस्थिति:

इस ऐतिहासिक बैठक में मुख्य रूप से जिला पदाधिकारी अमूल्य चन्द्र झा, रामाश्रय राय, दिलीप कुमार गुप्ता, उत्तरा महर्षि, उमेश कुमार सेन, सूर्योदय सिंह, अनिल गुप्ता, मिथिलेश वैश्य, सविता गुप्ता, अंजूलता चौधरी, लवकुश गुप्ता, गौरव त्रिपाठी आदि सहित बड़ी संख्या में शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel