जापान में भारत को दिलाया स्वर्ण, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिले हॉकी खिलाड़ी अवि मानिकपुरी

अंडर-18 एशिया कप विजेता हॉकी खिलाड़ी अवि मानिकपुरी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की मुलाकात

रायपुर। भारतीय अंडर-18 हॉकी टीम के एशिया कप विजेता सदस्य अवि मानिकपुरी ने शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अवि मानिकपुरी को अंडर-18 एशिया कप में भारत की ऐतिहासिक जीत में महत्वपूर्ण योगदान देने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, अनुशासन और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अवि मानिकपुरी की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और यह साबित करती है कि अवसर और संकल्प मिलने पर छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं विश्व मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। उन्होंने अवि के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे इसी समर्पण और लगन के साथ आगे बढ़ते रहें और भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खेल अधोसंरचना के विकास और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि बिलासपुर निवासी अवि मानिकपुरी भारत के उभरते हुए हॉकी खिलाड़ियों में शामिल हैं। उन्होंने हाल ही में जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जिसमें अवि मानिकपुरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, महासचिव डॉ. मनीष श्रीवास्तव और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे भी मौजूद रहे।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel