धान खरीदी से लेकर नल-गैस तक योजनाओं में तेजी लाने CM साय का अल्टीमेटम, रकबा घटने की शिकायत पर कलेक्टर करेंगे जांच

रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के बीच किसानों को रकबा कम होने की समस्या से राहत दिलाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के कलेक्टरों से कहा है कि धान खरीदी से जुड़ी रकबा संबंधी शिकायतों की स्वयं जांच करें और उनका तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी किसान को अपना धान बेचने में परेशानी नहीं होनी चाहिए।

Dhan Kharidi: किसानों के साथ इतना बड़ा धोखा! 21 नहीं 15 क्विंटल धान की हो  रही खरीदी | Dhan Kharidi Farmers cheated 15 quintals of paddy is being  purchased instead of 21

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में पारस पोर्टल की तृतीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रदेश की प्रमुख शासकीय योजनाओं, विकास परियोजनाओं और नागरिक सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन की जानकारी ली और अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे करने को कहा।

रकबा कम होने की शिकायतों पर कलेक्टर खुद करेंगे जांच

धान खरीदी के दौरान किसानों के रकबे में कमी से जुड़ी शिकायतों को मुख्यमंत्री ने गंभीरता से लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखा जाए, बल्कि कलेक्टर स्वयं शिकायतों की जांच करें। किसानों की वास्तविक समस्या का पता लगाकर उसका जल्द समाधान किया जाए, ताकि पात्र किसान धान बेचने के अधिकार से वंचित न रहें।

पाइपलाइन से घरों तक पहुंचेगी गैस, PNG के फायदे बताएगी सरकार

बैठक में सिटी गैस वितरण योजना की भी समीक्षा हुई। मुख्यमंत्री ने रायपुर और बिलासपुर सहित कुछ जिलों में हो रही प्रगति पर संतोष जताया, लेकिन जिन जिलों में काम की रफ्तार धीमी है, वहां कलेक्टरों को विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पाइपलाइन के माध्यम से घरों तक गैस पहुंचाने का काम तेज किया जाए। इसके साथ ही आम लोगों को LPG की तुलना में PNG के फायदे, किफायत और सुरक्षा के बारे में जागरूक किया जाए।

मुख्यमंत्री ने जनजातीय छात्रावासों, स्कूलों की सामुदायिक रसोई, सर्किट हाउस और अन्य सरकारी संस्थानों में भी PNG के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

जल जीवन मिशन के कामों की हर महीने होगी समीक्षा

मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए कहा कि हर घर तक नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी कलेक्टरों को योजना की मासिक समीक्षा करने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी कहा कि जल जीवन मिशन के तहत काम पूरा कर चुके ठेकेदारों का भुगतान समय पर किया जाए। बेहतर काम करने वाले ठेकेदारों को प्रोत्साहित किया जाए, जबकि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

वहीं, नगरीय क्षेत्रों में मिशन अमृत 2.0 के तहत चल रही जल प्रदाय योजनाओं और सीवेज परियोजनाओं को भी तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

वन स्वीकृति के लंबित मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत वन स्वीकृति से जुड़े लंबित मामलों पर भी बैठक में चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों को आगामी समीक्षा बैठक से पहले लंबित कार्रवाई पूरी करने को कहा। साथ ही आवश्यक प्रस्ताव राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड को भेजकर नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।

700 औद्योगिक सुधारों का लाभ उद्यमियों तक पहुंचाने पर जोर

बैठक में उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार ने बताया कि प्रदेश में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए 700 सुधार शामिल किए गए हैं। इन सुधारों को लागू करने की जिम्मेदारी 25 विभागों को सौंपी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सुधारों का वास्तविक लाभ उद्योगपतियों, व्यापारियों और उद्यमियों तक पहुंचना चाहिए। इसके प्रभाव का नियमित मूल्यांकन भी किया जाए, ताकि छत्तीसगढ़ में उद्योगों के लिए बेहतर वातावरण तैयार हो सके।

सेवा सेतु और CM हेल्पलाइन का होगा व्यापक प्रचार

मुख्यमंत्री ने सेवा सेतु और सीएम हेल्पलाइन के प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। लोगों को घर बैठे सेवाएं उपलब्ध कराने और उनकी शिकायतों का आसानी से समाधान करने की दिशा में गंभीरता से काम किया जाए।

कलेक्टरों की टीएल बैठक में होगी योजनाओं की समीक्षा

मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए कि प्रमुख सरकारी योजनाओं और मिशनों को समय-सीमा (टीएल) की बैठकों में शामिल किया जाए। जिन जिलों में योजनाओं की प्रगति धीमी है, वहां विशेष समीक्षा कर कमियों को दूर किया जाए।

बैठक में मुख्य सचिव विकासशील, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुबोध कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के सचिव और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...