CM विष्णुदेव साय ने कंटेंट क्रिएटर्स को बताया छत्तीसगढ़ का डिजिटल ब्रांड एंबेसडर, बोले- आपके हाथ में प्रदेश की नई पहचान गढ़ने की ताकत

रायपुर। सोशल मीडिया के दौर में कंटेंट क्रिएटर्स अब केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि किसी प्रदेश की पहचान देश-दुनिया तक पहुंचाने की बड़ी ताकत बन चुके हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में प्रदेश के कंटेंट क्रिएटर्स को छत्तीसगढ़ का डिजिटल ब्रांड एंबेसडर बताया। उन्होंने कहा कि क्रिएटर्स के हाथ में अपनी रचनात्मकता और कैमरे के माध्यम से प्रदेश की नई पहचान गढ़ने की ताकत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, लोककला, खान-पान, पर्यटन और छत्तीसगढ़ी भाषा को सोशल मीडिया के जरिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जा सकती है। इस दौरान उन्होंने युवा क्रिएटर्स के साथ पॉडकास्ट शैली में संवाद किया और अपने राजनीतिक, सामाजिक और व्यक्तिगत जीवन के अनुभव भी साझा किए।

16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में दिए गए अवॉर्ड

छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में जनता की सार्वजनिक वोटिंग के माध्यम से पसंदीदा क्रिएटर्स का चयन किया गया। कार्यक्रम में कुल 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए।

फूड, संस्कृति, स्वास्थ्य, शिक्षा, लाइफस्टाइल सहित अलग-अलग क्षेत्रों में डिजिटल माध्यम से उल्लेखनीय योगदान देने वाले क्रिएटर्स को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया आज सूचना और संवाद का प्रभावी माध्यम बन चुका है। कंटेंट क्रिएटर्स मनोरंजन के साथ सामाजिक जागरूकता और जनहित से जुड़े मुद्दों को भी लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

पंच से मुख्यमंत्री तक का सफर, CM साय ने साझा किए जीवन के अनुभव

युवा क्रिएटर्स के साथ बातचीत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने राजनीतिक सफर के कई अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि कम उम्र में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। पढ़ाई के साथ परिवार की जिम्मेदारियां निभाते हुए उन्होंने सार्वजनिक जीवन में कदम रखा।

गांव के लोगों ने पहले उन्हें पंच और फिर निर्विरोध सरपंच चुना। इसके बाद विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और अब मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा करने का अवसर मिला।

उन्होंने युवाओं को बताया कि जीवन में जिम्मेदारियों और चुनौतियों के बीच भी निरंतर आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए।

किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी

खेती-किसानी से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे किसान परिवार से आते हैं और खेती को करीब से समझते हैं। खेती ने उन्हें धैर्य, परिश्रम और जमीन से जुड़े रहने की सीख दी है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। इसके साथ ही पात्रता के अनुसार कम धान बेचने वाले किसानों को भी आदान सहायता का लाभ दिया जा रहा है।

31 मार्च 2026 को नक्सलवाद के खिलाफ मिली निर्णायक सफलता

नक्सलवाद के खात्मे से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने 31 मार्च 2026 को छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प और सुरक्षा बलों के जवानों के अदम्य साहस से नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर की कई पीढ़ियों ने हिंसा का दर्द सहा है, लेकिन अब वहां शांति और विश्वास का नया वातावरण बन रहा है। सरकार का प्रयास है कि बस्तर का हर बच्चा बिना डर के स्कूल जाए और हर युवा अपने सपनों को पूरा कर सके।

बस्तर में 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच

मुख्यमंत्री ने बस्तर में संचालित विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से दूरस्थ गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। वहीं, बस्तर मुन्ने अभियान के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर लोगों को राशन कार्ड, आधार कार्ड और जॉब कार्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

युवाओं के लिए रोजगार, शिक्षा और कौशल विकास पर जोर

रोजगार के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों के अलावा उद्योग, आईटी, पर्यटन, स्टार्टअप और सेवा क्षेत्र में भी अवसर तैयार किए जा रहे हैं। नई औद्योगिक नीति के माध्यम से निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि युवाओं के कौशल विकास और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रयास आवासीय विद्यालय तथा विभिन्न जिलों में निःशुल्क कोचिंग की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इसके अलावा प्रदेश में 38 नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं। बस्तर के जगरगुंडा और ओरछा में एजुकेशन सिटी तथा गीदम में मेडिकल कॉलेज जैसी पहल भी की जा रही है।

2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जा रहा है।

उन्होंने प्रदेश की खनिज संपदा, प्राकृतिक संसाधनों और बेहतर कनेक्टिविटी को छत्तीसगढ़ की बड़ी ताकत बताया। मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य में सरकार बनने के बाद से खनिज राजस्व में 5 हजार करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है।

कंटेंट क्रिएटर्स से बस्तर और सरगुजा को प्रमोट करने की अपील

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कंटेंट क्रिएटर्स से विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और पर्यटन स्थलों को अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए प्रमोट करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से यहां के खूबसूरत पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया के लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने महिला स्व-सहायता समूहों और लखपति दीदियों के उत्पादों को डिजिटल मार्केटिंग के जरिए बड़े बाजारों तक पहुंचाने में भी क्रिएटर्स से सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि किसी कंटेंट क्रिएटर की एक रील भी किसी महिला के छोटे व्यवसाय को नई पहचान दिला सकती है।

युवाओं को नशे से दूर रहने और तकनीक का सही इस्तेमाल करने की सलाह

मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने, तकनीक का सकारात्मक उपयोग करने और खेलकूद एवं व्यायाम के लिए समय निकालने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग हमें करना चाहिए, न कि तकनीक हमें नियंत्रित करे।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने युवा क्रिएटर्स के साथ सेल्फी खिंचवाई और विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार जीतने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...