रायपुर साहित्य उत्सव 2027 की तारीखों का ऐलान, 8 से 10 जनवरी तक सजेगा साहित्य का महाकुंभ; ‘युवा भारत’ थीम पर जुटेंगे देशभर के साहित्यकार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में राजधानी रायपुर में एक बार फिर साहित्य का बड़ा आयोजन होने जा रहा है। रायपुर साहित्य उत्सव 2027 का आयोजन 8 से 10 जनवरी तक किया जाएगा। इस बार उत्सव की थीम ‘युवा भारत’ रखी गई है। इसमें देशभर के साहित्यकार, कवि, लेखक और युवा रचनाकार शामिल होंगे।

साहित्य, कला और संस्कृति का संगम बनेगा रायपुर साहित्य उत्सव 2027  मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास में प्रदेश के ...

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास में प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकारों की मौजूदगी में साहित्य उत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण और पोस्टर विमोचन कर आयोजन की औपचारिक घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर साहित्य उत्सव छत्तीसगढ़ की साहित्यिक, सांस्कृतिक और लोक परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

छत्तीसगढ़ की साहित्यिक विरासत को मिलेगी राष्ट्रीय पहचान

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ साहित्य, कला, संस्कृति और लोक परंपराओं के मामले में बेहद समृद्ध प्रदेश है। यहां की विभिन्न भाषाओं, बोलियों, लोककथाओं और गीत-संगीत में प्रदेश के जनजीवन और सांस्कृतिक चेतना की झलक मिलती है।

उन्होंने कहा कि रायपुर साहित्य उत्सव के माध्यम से प्रदेश की इस समृद्ध विरासत को व्यापक पहचान दिलाने के साथ नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के दौरान सीमित समय में साहित्य उत्सव आयोजित किया गया था। साहित्यकारों और आयोजन समिति के सामूहिक प्रयासों से इसे अच्छी सफलता मिली। इस बार आयोजन को और व्यापक, भव्य और गरिमामय स्वरूप देने की तैयारी है। सरकार का लक्ष्य रायपुर साहित्य उत्सव को देश के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों में विशिष्ट पहचान दिलाना है।

गोंडी, हल्बी, कुड़ुख और सादरी भाषाओं को मिलेगा विशेष महत्व

इस बार साहित्य उत्सव में छत्तीसगढ़ की जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने गोंडी, हल्बी, कुड़ुख और सादरी जैसी भाषाओं में मौजूद लोकज्ञान, परंपराओं और साहित्यिक विरासत को सहेजने की आवश्यकता बताई।

उन्होंने कहा कि इन भाषाओं में पीढ़ियों से संचित लोककथाओं, पारंपरिक ज्ञान और सांस्कृतिक परंपराओं का दस्तावेजीकरण और संरक्षण जरूरी है।

साहित्य उत्सव में जनजातीय साहित्य, लोकभाषाओं और पारंपरिक रचनात्मक अभिव्यक्तियों को प्रमुखता देने पर जोर दिया गया है, ताकि नई पीढ़ी अपनी जड़ों और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ सके।

‘युवा भारत’ थीम पर उभरते रचनाकारों को मिलेगा मंच

रायपुर साहित्य उत्सव 2027 की थीम ‘युवा भारत’ रखी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह थीम देश की युवा शक्ति, भाषाई विविधता और विचारों की बहुलता को दर्शाती है।

आयोजन में युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। इससे नए रचनाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने, विचार साझा करने और अनुभवी साहित्यकारों से सीखने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष आयोजित कवि सम्मेलन और प्रतियोगिताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में साहित्यिक एवं रचनात्मक प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है। यह उत्सव उभरते हुए कवियों और लेखकों को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

साहित्यकारों ने आयोजन को लेकर दिए सुझाव

प्रतीक चिह्न अनावरण और पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकारों, कवियों और रचनाकारों ने पिछले वर्ष के आयोजन से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने आगामी साहित्य उत्सव को और बेहतर एवं प्रभावशाली बनाने के लिए सुझाव भी दिए।

साहित्यकारों ने कहा कि राजधानी रायपुर में इतने बड़े स्तर पर साहित्यिक आयोजन होना प्रदेश के साहित्य जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे स्थानीय लेखकों और रचनाकारों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी।

उन्होंने साहित्य, कला और संस्कृति को प्रोत्साहन देने की राज्य सरकार की पहल की सराहना करते हुए आगामी आयोजन में सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में ये प्रमुख लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, सलाहकार आर. कृष्णा दास, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह, जनसंपर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल सहित प्रदेशभर से आए वरिष्ठ साहित्यकार, कवि, लेखक और साहित्य जगत से जुड़े गणमान्यजन उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री साय ने सभी साहित्यकारों और आयोजन समिति के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से रायपुर साहित्य उत्सव छत्तीसगढ़ की साहित्यिक और सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...