रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर को गिरफ्तार किया है। मुंबई से हिरासत में लिए गए हिमांशु को सोमवार देर रात करीब 10:45 बजे रायपुर की विशेष PMLA अदालत में पेश किया गया। ED ने उससे पूछताछ के लिए अदालत से सात दिन की रिमांड मांगी है। मामले में देर रात तक सुनवाई होने की संभावना जताई गई।

दुबई जाने की तैयारी में थे हिमांशु, मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़े गए
जानकारी के मुताबिक, 43 वर्षीय वकील हिमांशु शेखर को मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उस समय रोका गया, जब वह दुबई जाने के लिए फ्लाइट पकड़ने वाले थे। रायपुर ED की ओर से जारी लुकआउट सर्कुलर (LOC) के आधार पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में लेकर जांच एजेंसी को सौंप दिया था।
हालांकि, गिरफ्तारी के 24 घंटे के भीतर अदालत में पेश नहीं किए जाने से जुड़ी तकनीकी खामी के चलते मुंबई की विशेष PMLA अदालत ने 21 नवंबर को उनकी रिहाई का आदेश दिया था।
बॉम्बे हाईकोर्ट से अनुमति मिलने के बाद रायपुर लाई गई ED टीम
मुंबई की विशेष अदालत के आदेश को ED ने बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। सोमवार को सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने जांच एजेंसी को हिमांशु शेखर को गिरफ्तार कर उचित अदालत यानी रायपुर की विशेष PMLA कोर्ट में पेश करने की अनुमति दे दी।
इसके बाद ED की टीम उन्हें रायपुर लेकर पहुंची और देर रात अदालत में पेश कर सात दिन की रिमांड की मांग की।
सौरभ चंद्राकर से कथित 15 करोड़ रुपये लेने का आरोप
इस मामले में सबसे गंभीर आरोप कथित तौर पर 15 करोड़ रुपये के लेन-देन से जुड़ा है। जांच से जुड़े सूत्रों और सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, महादेव ऐप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर ने पूछताछ के दौरान हिमांशु शेखर को कथित तौर पर 15 करोड़ रुपये देने की बात बताई है।
आरोप है कि यह रकम महादेव ऐप से जुड़े मामलों को रफा-दफा कराने और जांच को प्रभावित करने के उद्देश्य से दी गई थी। ED को यह भी संदेह है कि दोनों के बीच दुबई में कई बार मुलाकात हुई थी।
जांच एजेंसी अब कथित 15 करोड़ रुपये के लेन-देन, हवाला नेटवर्क और जांच को प्रभावित करने की कोशिशों से जुड़े पहलुओं की पड़ताल करना चाहती है। इसी उद्देश्य से ED ने अदालत से सात दिन की हिरासत मांगी है।
सौरभ चंद्राकर के खुलासों के बाद जांच का दायरा बढ़ा
गौरतलब है कि महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पण के बाद रायपुर लाया गया था। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वह 2 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में रायपुर जेल में बंद है।
जांच एजेंसियों को उससे पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां मिलने की बात सामने आई है। इन्हीं कथित खुलासों के आधार पर ED और CBI महादेव सट्टा ऐप सिंडिकेट से जुड़े वकीलों, पुलिस अधिकारियों और अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही हैं।
हिमांशु शेखर की गिरफ्तारी को इसी जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है। फिलहाल रायपुर की विशेष PMLA अदालत में ED की रिमांड अर्जी पर फैसले का इंतजार है। अदालत सात दिन की रिमांड मंजूर करती है या नहीं, इस पर आगे की जांच की दिशा निर्भर करेगी।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





