छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं से क्यों मांगी जा रही अतिरिक्त सुरक्षा निधि? पावर कंपनी ने बताई वजह, सिर्फ 9% उपभोक्ताओं पर लागू हुआ नियम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली बिल के साथ अतिरिक्त सुरक्षा निधि (डिपॉजिट मनी) जमा करने की मांग को लेकर उपभोक्ताओं के बीच सवाल उठ रहे हैं। आखिर बिजली कंपनी यह अतिरिक्त राशि क्यों ले रही है? क्या यह बिजली बिल का हिस्सा है या उपभोक्ताओं से ली जाने वाली कोई नई फीस? इन सवालों पर स्टेट पावर कंपनी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया है कि अतिरिक्त सुरक्षा निधि वसूलने का प्रावधान नया नहीं है, बल्कि यह अविभाजित मध्यप्रदेश विद्युत मंडल के समय से लागू है।

छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ता ध्यान दें, दिसंबर में जुड़ेगा बढ़े हुए लोड का  चार्ज; लागू हुए

कंपनी के मुताबिक, यह राशि बिजली खपत का शुल्क नहीं, बल्कि उपभोक्ता की जमानत राशि होती है। इस पर नियमानुसार हर साल ब्याज भी दिया जाता है। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग के नियमों के तहत हर साल अक्टूबर में सुरक्षा निधि की दोबारा गणना की जाती है।

60 दिनों के बिजली बिल के बराबर रखनी होती है सुरक्षा निधि

पावर कंपनी के अनुसार, नियामक आयोग के प्रावधानों के तहत प्रत्येक उपभोक्ता को अपनी औसत बिजली खपत के 60 दिनों के बिल के बराबर सुरक्षा निधि जमा रखनी होती है। इसके लिए पिछले 12 महीनों की बिजली खपत को आधार बनाया जाता है।

हर साल अक्टूबर में इस राशि की समीक्षा की जाती है। यदि किसी उपभोक्ता की पहले से जमा सुरक्षा निधि निर्धारित सीमा से कम होती है, तो उससे अंतर की राशि अतिरिक्त सुरक्षा निधि के रूप में मांगी जाती है। वहीं, जिन उपभोक्ताओं की जमा राशि निर्धारित सीमा के बराबर या उससे अधिक है, उनसे अतिरिक्त रकम नहीं ली जाती।

प्रदेश के केवल 9 प्रतिशत उपभोक्ताओं से मांगी गई राशि

पावर कंपनी ने आंकड़े जारी करते हुए बताया कि प्रदेश में कुल 67.57 लाख बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें से इस साल केवल 6 लाख 18 हजार उपभोक्ताओं से अतिरिक्त सुरक्षा निधि जमा कराई जा रही है।

इसका मतलब है कि प्रदेश के करीब 9 प्रतिशत उपभोक्ताओं पर ही इस साल अतिरिक्त सुरक्षा निधि जमा करने की जरूरत पड़ी है, जबकि 91 प्रतिशत से अधिक उपभोक्ताओं को इससे राहत मिली है।

सुरक्षा निधि पर मिला 188.53 करोड़ रुपये का ब्याज

पावर कंपनी ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं की जमा सुरक्षा निधि पर हर साल ब्याज दिया जाता है। इस साल 5.75 प्रतिशत की दर से कुल 188.53 करोड़ रुपये का ब्याज उपभोक्ताओं को दिया गया है। यह राशि मई महीने के बिजली बिल में समायोजित की गई थी।

कंपनी का कहना है कि सुरक्षा निधि पर मिलने वाली ब्याज दर सामान्य बचत खाते की ब्याज दर से भी अधिक है। यदि किसी उपभोक्ता की बिजली खपत कम हो जाती है और उसकी जमा सुरक्षा निधि निर्धारित सीमा से ज्यादा हो जाती है, तो अतिरिक्त रकम बिजली बिल में समायोजित कर दी जाती है।

वहीं, यदि कोई उपभोक्ता अपना बिजली कनेक्शन स्थायी रूप से बंद कराता है, तो बकाया बिल का हिसाब करने के बाद उसकी जमा सुरक्षा निधि वापस कर दी जाती है।

आखिर बिजली कंपनी को क्यों चाहिए सुरक्षा निधि?

पावर कंपनी के मुताबिक, बिजली की खपत का बिल अगले महीने जारी किया जाता है। इसके बाद उपभोक्ता को बिल जमा करने के लिए 15 दिन का अतिरिक्त समय मिलता है। इस पूरी प्रक्रिया में लगभग दो महीने का समय लग जाता है।

इसी अवधि को ध्यान में रखते हुए नियामक आयोग ने 60 दिनों की औसत बिजली खपत के बराबर सुरक्षा निधि जमा रखने का नियम बनाया है। इसका उद्देश्य बिजली बिल की वसूली में देरी या भुगतान नहीं होने की स्थिति में कंपनी के वित्तीय जोखिम को कम करना है।

एकमुश्त भुगतान में परेशानी तो किस्तों में जमा करें राशि

यदि किसी उपभोक्ता को अतिरिक्त सुरक्षा निधि की पूरी रकम एक साथ जमा करने में परेशानी होती है, तो उसके लिए किस्तों में भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है।

इसके लिए संबंधित उपभोक्ता अपने वितरण केंद्र में आवेदन कर सकता है। वहीं, उच्चदाब (HT) बिजली उपभोक्ताओं के अनुरोध पर संबंधित क्षेत्रीय मुख्य अभियंता किस्तों में भुगतान की अनुमति दे सकते हैं।

पावर कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अतिरिक्त सुरक्षा निधि को बिजली बिल का अतिरिक्त शुल्क न समझें। यह उनकी अपनी जमा जमानत राशि है, जिस पर नियमानुसार ब्याज दिया जाता है और निर्धारित शर्तों के अनुसार अतिरिक्त जमा राशि का समायोजन या रिफंड भी किया जाता है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel

यह भी देखें...