CM विष्णुदेव साय ने 62 कीर्तन मंडलियों को आर्थिक सहायता देने का किया ऐलान, राधा-कृष्ण मंदिर में मंजीरा बजाकर भजन-कीर्तन में हुए शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पमशाला स्थित ईब नदी के तट पर श्री राधा-कृष्ण मंदिर (कंवर धाम) में आयोजित कार्तिक मास के भजन-कीर्तन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपनी धर्मपत्नी एवं कंवर समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष कौशल्या साय के साथ भगवान श्री राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और कीर्तन मंडलियों के साथ मंजीरा बजाकर भजन-कीर्तन में भी हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राधा-कृष्ण मंदिर में की पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन  में हुए शामिल – अमृत संदेश

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने क्षेत्र की सभी 62 कीर्तन मंडलियों को वाद्य यंत्र, पारंपरिक वेशभूषा और अन्य आवश्यक सामग्री खरीदने के लिए शासन की ओर से आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भजन-कीर्तन छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इन परंपराओं को जीवंत रखने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।

24 नवंबर को होगा महीनेभर के आयोजन का समापन

ग्राम पमशाला स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर में 27 अक्टूबर से कार्तिक मास के अवसर पर प्रतिदिन सुबह 8 बजे और शाम 5 बजे से भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें क्षेत्र की 62 कीर्तन मंडलियां श्रद्धा और उत्साह के साथ हिस्सा ले रही हैं। महीनेभर चलने वाले इस धार्मिक आयोजन का समापन 24 नवंबर को होगा।

परोपकार और सेवा को बताया सबसे बड़ा धर्म

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव जीवन अनमोल है और इसकी वास्तविक सार्थकता दूसरों के काम आने तथा जरूरतमंदों की सहायता करने में है। दूसरों के दुख-दर्द को समझना और उनकी पीड़ा दूर करने का प्रयास करना ही सबसे बड़ा धर्म है।

उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन केवल पूजा-पाठ और आस्था तक सीमित नहीं होते, बल्कि ये समाज को सेवा, सद्भाव, परोपकार और आपसी जिम्मेदारी का संदेश भी देते हैं। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता, प्रेम और भाईचारे को मजबूत बनाते हैं। आधुनिक शिक्षा और विकास के साथ नई पीढ़ी का अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुड़े रहना भी जरूरी है।

कर्मा, दमकच और झूमर जैसी लोक विधाओं को सहेजने पर जोर

मुख्यमंत्री साय ने कार्तिक मास में लगातार भजन-कीर्तन करने वाली सभी 62 मंडलियों के अध्यक्षों और सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं से है। कर्मा, दमकच, झूमर और महादेव नाचा जैसी सांस्कृतिक विधाएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। इनमें पूर्वजों का ज्ञान, जीवन दर्शन और सामाजिक एकता की भावना समाहित है। इन परंपराओं को संरक्षित कर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।

जशपुर में मेडिकल की पढ़ाई शुरू होना ऐतिहासिक उपलब्धि

मुख्यमंत्री ने जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना के क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जशपुर में चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे स्थानीय युवाओं को मेडिकल की पढ़ाई के लिए दूसरे जिलों में नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें अपने क्षेत्र में ही आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। मेडिकल शिक्षा शुरू होने से स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और आने वाले समय में जिले की स्वास्थ्य सेवाएं भी मजबूत होंगी।

संत गहिरा गुरु महाराज के योगदान को किया याद

मुख्यमंत्री ने कंवर समाज के गौरवशाली इतिहास और सामाजिक योगदान की चर्चा करते हुए संत गहिरा गुरु महाराज को याद किया। उन्होंने कहा कि संत गहिरा गुरु महाराज ने अपना जीवन तपस्या, समाज सुधार और जनजातीय समाज के उत्थान के लिए समर्पित किया। रामायण की शिक्षा और आध्यात्मिक जागरण के माध्यम से उन्होंने समाज को सदाचार, अनुशासन और नैतिक जीवन का मार्ग दिखाया। साथ ही नशे और मांसाहार से दूर रहकर सात्विक जीवन अपनाने की प्रेरणा दी।

मोदी की गारंटी के तहत योजनाओं का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनकल्याण के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। वहीं आवास प्लस 2024 के तहत 3 लाख 65 हजार आवास प्राप्त हुए हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। श्री रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं।

इसके अलावा भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की सहायता, तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा पारिश्रमिक और चरण पादुका योजना के दोबारा संचालन की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने दी।

हेल्पलाइन 1076 से घर बैठे दर्ज करा सकेंगे शिकायत

मुख्यमंत्री ने सुशासन और नागरिक सुविधाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 शुरू की गई है। इसके माध्यम से नागरिक 24 घंटे और सातों दिन अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि बिजली ट्रांसफार्मर बदलने, फौती नामांतरण, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र तथा थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं होने जैसी समस्याओं को लेकर इस हेल्पलाइन पर शिकायत की जा सकती है।

इसके साथ ही सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से मोबाइल पर आवेदन कर घर बैठे विभिन्न प्रमाण पत्रों और सरकारी सेवाओं का लाभ लेने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। फरसाबहार क्षेत्र के पंडरपानी और बंदरचुआ में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीणों को आर्थिक लेनदेन और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सहूलियत मिल रही है।

कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक भरत साय, यश प्रताप सिंह जूदेव, वेद प्रकाश भगत, आर.एन. साय, स्वधा साय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कीर्तन मंडलियों के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel

यह भी देखें...