रायपुर: खमतराई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक दिन में 12 वारंट तामील

रायपुर। अपराधों की रोकथाम और फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खमतराई पुलिस ने एक ही दिन में 12 लंबित वारंटों की तामिली कर प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने 11 गिरफ्तारी वारंट और 1 स्थाई वारंट तामील करते हुए संबंधित वारंटियों को विधिवत कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया।

पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) श्रीमती दीपमाला कश्यप के निर्देश पर नार्थ जोन क्षेत्र में लंबित गिरफ्तारी एवं स्थाई वारंटों की तामिली के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पाण्डेय और सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में थाना प्रभारियों को फरार एवं लंबे समय से न्यायालय में उपस्थित नहीं होने वाले वारंटियों की पतासाजी कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

संभावित ठिकानों पर दी दबिश

निर्देशों के तहत 23 अगस्त 2026 को थाना प्रभारी खमतराई के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने विशेष अभियान चलाया। टीमों ने वारंटियों के संभावित ठिकानों की लगातार पतासाजी की और दबिश देकर लंबित वारंटों की तामिली की।

पुलिस के अनुसार, इस अभियान के दौरान कुल 12 वारंट तामील किए गए। इनमें 11 गिरफ्तारी वारंट और 1 स्थाई वारंट शामिल है।

न्यायालय के समक्ष किया गया पेश

वारंट तामील होने के बाद संबंधित वारंटियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई और उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

खमतराई पुलिस द्वारा लंबित गिरफ्तारी एवं स्थाई वारंटों की तामिली के लिए अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है। पुलिस का कहना है कि लंबे समय से फरार एवं न्यायालय में उपस्थित नहीं होने वाले वारंटियों की तलाश कर उनके खिलाफ आगे भी प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel