सरगुजा के सितकालो में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 41 ग्रामीणों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

उदयपुर (सरगुजा)। सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड के दूरस्थ आदिवासी बहुल ग्राम सितकालो में समाजसेवी संस्था उज्जवल हसदेव-उन्नत सरगुजा द्वारा “माता राजमोहिनी देवी स्वास्थ्य जागरूकता अभियान” के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य दूर-दराज के जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।

अंबिकापुर से लगभग 75 किलोमीटर दूर धवईपानी पहाड़ से लगे कोरवा एवं मझवार समुदाय के ग्रामीणों के लिए आयोजित इस शिविर में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. देवेन्द्र कुमार पांडेय एवं उनकी मेडिकल टीम ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। मरीजों की आवश्यक जांच के बाद उन्हें निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। शिविर के दौरान मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों की पहचान के लिए रक्त जांच की गई। इसके अलावा बीपी और शुगर की जांच कर ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया गया।

संस्था की टीम ने प्राथमिक शाला सितकालो के विद्यार्थियों का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया। बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, पोषण और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों को बिस्किट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

शिविर में कुल 41 मरीजों का पंजीयन किया गया, जिनमें महिलाओं और पुरुषों की संख्या लगभग समान रही। ग्रामीणों ने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए पहाड़ी कोरवा बस्ती मतरिंगा में भी इसी प्रकार का स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की मांग की। इस पर संस्था के अध्यक्ष संतोष दास ने जल्द ही वहां भी स्वास्थ्य शिविर लगाने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में पूर्व सरपंच संतोष मझवार, सरपंच कुसमिला, ग्राम सचिव बलदेव पैकरा सहित संस्था के कोषाध्यक्ष सतीश दास, उपाध्यक्ष वेद प्रकाश गोयन, मिथिलेश मरावी, शांतनु दास, दीनानाथ यादव, सुजीत सिंह, संगीता रवि, कुंती राठिया, सत्य नारायण, सुगंती, स्वास्थ्य मितानिन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

संस्था ने कहा कि भविष्य में भी सरगुजा के दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान और आवश्यक चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा, ताकि जरूरतमंद ग्रामीणों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel