रायपुर। राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर से करीब 2 करोड़ रुपये के आईफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी होने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने अंतरराज्यीय कंजर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया से 1 करोड़ 50 लाख रुपये कीमत के 125 आईफोन बरामद किए गए हैं। इस चोरी का मास्टरमाइंड राजेश कंजर उर्फ झाला बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ मध्यप्रदेश और राजस्थान में 47 से अधिक अपराध दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, चोरी की इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महाराष्ट्र के रास्ते मध्यप्रदेश भाग गए थे। गिरोह ने पहचान छिपाने के लिए चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया और वारदात के दौरान मोबाइल फोन बंद रखे। पुलिस की लगातार निगरानी और तकनीकी जांच के चलते गिरोह का पर्दाफाश हुआ। मामले में दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
31 अक्टूबर की रात एप्पल स्टोर में हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को प्रार्थी ऋषभ डागा ने तेलीबांधा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की दरम्यानी रात मरीन ड्राइव स्थित आई नैक्सट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के एप्पल स्टोर में अज्ञात आरोपियों ने शटर उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी दुकान से करीब 2 करोड़ रुपये कीमत के 173 एप्पल आईफोन, एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड चोरी कर ले गए थे। इतना ही नहीं, आरोपियों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी निकाल लिया था, ताकि उनकी पहचान और गतिविधियों का कोई रिकॉर्ड न मिल सके। मामले में थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 487/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305 में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
1000 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और 10 लाख मोबाइल नंबरों का विश्लेषण
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर 40 से अधिक पुलिसकर्मियों की छह विशेष टीमें गठित की गईं। इन टीमों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गईं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अंतरराज्यीय मार्गों के टोल नाकों के फुटेज खंगाले।
जांच के दौरान पुलिस को एक दोपहिया वाहन पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। ये आरोपी रात 2:37 बजे घटनास्थल पर पहुंचे और महज आठ मिनट बाद 2:45 बजे वहां से निकल गए। रात का समय होने के कारण फुटेज स्पष्ट नहीं थे, लेकिन पुलिस टीम ने लगातार इनका पीछा करते हुए करीब 250 किलोमीटर तक के रूट का विश्लेषण किया।
तकनीकी जांच में 1100 से अधिक सेल आईडी टावर और 10 लाख से अधिक मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया गया। महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान और दिल्ली में भी पुलिस की विशेष टीमें भेजी गईं। करीब 25 दिनों तक चले इस अभियान में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले।
महाराष्ट्र में मिली चोरी की बाइक से खुला गिरोह का राज
जांच के दौरान महाराष्ट्र के मौधा इलाके में कुल्हान नदी के किनारे एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल लावारिस हालत में मिली। बाइक का इंजन और चेसिस नंबर भी खुरचकर मिटा दिए गए थे। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि यह मोटरसाइकिल 25 अक्टूबर को रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र से चोरी की गई थी।
इससे पुलिस को यह पुष्टि करने में मदद मिली कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध ही एप्पल स्टोर चोरी की वारदात में शामिल हैं। इसके बाद पुलिस ने मध्यप्रदेश और राजस्थान में पहले हुई एप्पल स्टोर चोरी की घटनाओं के रिकॉर्ड खंगाले। इसी दौरान वर्ष 2024 में जयपुर में हुई एप्पल स्टोर चोरी का कनेक्शन सामने आया।
जांच में देवास और इंदौर के आसपास सक्रिय कंजर गिरोह की भूमिका संदिग्ध मिली। देवास पुलिस के सहयोग से राजेश अजय सिंह झाला उर्फ राजेश कंजर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन बाद में उसने अपने बेटे राज झाला और साथी राजेश लोधी के साथ मिलकर रायपुर में चोरी करना स्वीकार किया।
पहले रेकी, फिर चोरी की बाइक से रायपुर पहुंचे आरोपी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी 25 अक्टूबर को बस से इंदौर से रायपुर पहुंचे थे। उनके साथ सफान खान भी था, जिसने मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर की रेकी की थी। इसके बाद आरोपियों ने जोरा मॉल के पास से मोटरसाइकिल चोरी की और उसे महाराष्ट्र के साकोली के पास जंगल में छिपा दिया।
26 अक्टूबर को वे वापस इंदौर चले गए। फिर 31 अक्टूबर को दोबारा बस से महाराष्ट्र पहुंचे और जंगल में छिपाकर रखी गई मोटरसाइकिल लेकर रायपुर आए। रात में एप्पल स्टोर का शटर उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया और वापस महाराष्ट्र की ओर निकल गए।
वारदात के बाद आरोपियों ने मोटरसाइकिल को मौधा के पास कुल्हान नदी के पुल के नीचे छिपा दिया। दुकान से चोरी किया गया सीसीटीवी डीवीआर नदी में फेंक दिया और बस से इंदौर लौट गए। चोरी के सभी आईफोन ठिकाने लगाने की जिम्मेदारी सफान खान को दी गई थी।
विदेश भागने से पहले सफान खान गिरफ्तार, 125 आईफोन बरामद
राजेश झाला की गिरफ्तारी के बाद उसके अन्य साथी फरार हो गए। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती चोरी के आईफोन बरामद करना और सफान खान को पकड़ना था। पुलिस को आशंका थी कि सफान विदेश भाग सकता है।
इंदौर में उपनिरीक्षक सतीश पुरिया के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम लगातार उसकी गतिविधियों और संपर्कों पर नजर रख रही थी। तकनीकी जांच और दबाव की रणनीति के बाद पुलिस को सूचना मिली कि सफान खान मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास मौजूद है।
इसके बाद पुलिस ने तत्काल समन्वय स्थापित कर उसे विदेश भागने से पहले गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया से 125 आईफोन बरामद किए गए, जिनकी कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
नेपाल और बांग्लादेश में चोरी के आईफोन खपाने की आशंका
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सफान खान कथित तौर पर कंजर गिरोहों के जरिए महंगे आईफोन स्टोर में चोरी करवाने और चोरी के मोबाइल नेपाल तथा बांग्लादेश में खपाने का काम करता था। पुलिस इस नेटवर्क और देश के अलग-अलग राज्यों में पिछले एक साल के दौरान हुई एप्पल स्टोर चोरी की घटनाओं में इस गिरोह की संभावित भूमिका की जांच कर रही है।
पूछताछ में राजेश झाला ने गिरोह की कार्यप्रणाली के बारे में बताया कि वारदात के लिए निकलते समय आरोपी अपने मोबाइल फोन घर पर बंद करके छोड़ देते थे। मोटरसाइकिल चलाते समय चेहरे ढंककर रखते थे और वारदात के लिए चोरी के वाहनों का इस्तेमाल करते थे, ताकि पुलिस उनकी पहचान न कर सके।
दो आरोपी अभी फरार, पुलिस की तलाश जारी
इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी:
-
राजेश अजय सिंह झाला (43 वर्ष), निवासी टोंककला, थाना टोंकखुर्द, जिला देवास, मध्यप्रदेश।
-
सफान खान (35 वर्ष), निवासी मध्यप्रदेश।
फरार आरोपी:
-
राज झाला, राजेश झाला का पुत्र।
-
राजेश लोधी, निवासी टोंककला, जिला देवास।
पुलिस के मुताबिक, फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। मामले में संगठित अपराध की धारा जोड़कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.




