रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुशालपुर इलाके में NEET की तैयारी कर रहे 17 वर्षीय छात्र की मौत का मामला सामने आया है। छात्र अपने किराये के कमरे में मृत अवस्था में मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से एक युवती द्वारा लिखा गया पत्र भी बरामद हुआ है, जिसके बाद पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान बलौदाबाजार निवासी श्रेयांश बंजारे (17 वर्ष), पिता हरपाल बंजारे के रूप में हुई है। श्रेयांश अक्टूबर 2026 से रायपुर के कुशालपुर इलाके में किराये के मकान में रह रहा था। वह यहां एक कोचिंग संस्थान में NEET प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
कोचिंग नहीं पहुंचा तो दोस्तों को हुई चिंता
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि छात्र ने मंगलवार देर रात यह कदम उठाया होगा। बुधवार को जब वह कोचिंग संस्थान नहीं पहुंचा, तो उसके साथियों ने कई बार फोन किया। लगातार कॉल करने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला, तो दोस्तों को उसकी तबीयत खराब होने या किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद वे उसके किराये के मकान पर पहुंचे।
वहां कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। खिड़की से अंदर देखने पर श्रेयांश का शव पंखे से रस्सी के सहारे लटका दिखाई दिया। दोस्तों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी।
टिफिन लेने भी नहीं पहुंचा था छात्र
मकान मालिक के अनुसार, श्रेयांश को रोजाना सुबह और शाम टिफिन उपलब्ध कराया जाता था। बुधवार दोपहर करीब दो बजे तक वह टिफिन लेने भी नहीं पहुंचा था। इसी बीच दोपहर लगभग ढाई बजे पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। सूचना मिलने पर छात्र के पिता हरपाल बंजारे भी मौके पर पहुंचे।
कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने पिता की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद शव को नीचे उतारा गया।
हाथ से मिला युवती का पत्र, पुलिस कर रही जांच
घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसी दौरान छात्र के हाथ से एक युवती द्वारा लिखा गया पत्र बरामद हुआ। जानकारी के अनुसार, पत्र में उसे प्रेम संबंधों में अधिक उलझने के बजाय अपने करियर और भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी गई थी।
पत्र मिलने के बाद पुलिस व्यक्तिगत संबंधों के पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। हालांकि, केवल पत्र के आधार पर छात्र की आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं मानी जा सकती। पुलिस का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, कई पहलुओं से जांच
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, छात्र की पढ़ाई, कोचिंग संस्थान, दोस्तों और व्यक्तिगत संबंधों से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। इसके साथ ही मकान मालिक और परिजनों के बयान भी लिए जा रहे हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने घटना के पीछे की वजह को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.




