
देवरी।
अवैध संबंधों के चलते युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि 20 अगस्त को लापता हुए प्रिंस की हत्या उसके ही करीबी द्वारा की गई। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मृतक की पत्नी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक प्रिंस मूल रूप से सागर जिले का रहने वाला था और अपनी पत्नी तुलसी बाई के साथ कुछ समय से देवरी में रह रहा था। 20 अगस्त को प्रिंस अचानक लापता हो गया था। इसके बाद उसकी पत्नी ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की जांच शुरू होने पर पुलिस को कई चौंकाने वाले सुराग मिले।
जांच के दौरान सामने आया कि प्रिंस की पत्नी देवरी के गांधी वार्ड निवासी शोएब नामक युवक के संपर्क में थी। पुलिस को यह भी पता चला कि प्रिंस के लापता होने के बाद से शोएब भी इलाके से गायब है। इसके बाद जांच की दिशा शोएब की ओर मुड़ गई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शोएब पिता नवाब खान है और उसके मृतक की पत्नी से कथित अवैध संबंध थे। दोनों लगातार संपर्क में थे।
पुलिस को जानकारी मिली कि शोएब वारदात के बाद गुजरात चला गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे गुजरात से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद मृतक की पत्नी आरोपी के साथ सूरत में रह रही थी। डेढ़ माह पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद भी हुआ था।
पुलिस जांच में आरोपी के मोबाइल फोन से मृतक की पत्नी और शोएब के कुछ आपत्तिजनक वीडियो और कॉल डिटेल्स भी बरामद हुई हैं, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि दोनों लगातार संपर्क में थे। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस अवैध संबंधों को हत्या की मुख्य वजह मान रही है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शोएब ने 20 अगस्त 2025 को प्रिंस को शराब पार्टी के बहाने वारदात वाली जगह ले गया। स्कूल मैदान में दोनों ने शराब पी, जिसके बाद मौका पाकर आरोपी ने पत्थर से हमला कर प्रिंस की हत्या कर दी।
फिलहाल पुलिस मृतक की पत्नी की तलाश कर रही है, जिसकी लोकेशन गुजरात की बताई जा रही है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई और धाराएं जोड़ी जाएंगी।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





