महासमुंद, 10 फरवरी 2026।
जिले में विद्यार्थियों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट की प्रक्रिया को गति देने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यू-डाइस 2025-26 के अंतर्गत आधार से संबंधित लंबित बायोमेट्रिक अपडेट को शीघ्र पूरा करने के उद्देश्य से जिले के विद्यालयों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
06 फरवरी 2026 की स्थिति में महासमुंद जिले में कुल 30 हजार 587 विद्यार्थियों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट लंबित पाया गया है। इनमें से ऐसे विद्यालयों का चयन किया गया है, जहां 20 से अधिक विद्यार्थियों का अपडेट शेष है। अभियान के तहत जिले के 352 विद्यालयों में शिविर लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से लगभग 21 हजार 406 विद्यार्थियों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट किया जाएगा।
इस अभियान के लिए ई.डी.एम. चिप्स एजेंसी के साथ समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि यूआईडीएआई के दिशा-निर्देशों के अनुसार बायोमेट्रिक अपडेट की प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके। शिविरों में अपडेट किए गए डाटा की प्रविष्टि यू-डाइस पोर्टल पर भी की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों की शैक्षणिक जानकारी अद्यतन रह सके।

जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा श्री रेखराज शर्मा ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयकों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। विद्यालयों को पालकों एवं विद्यार्थियों को शिविर की जानकारी देकर जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं शिविर में उपस्थित होकर अपना बायोमेट्रिक अपडेट करवा सकें।
अभियान के प्रभावी संचालन के लिए विकासखंड स्तर पर बीआरसी और संकुल स्तर पर संकुल समन्वयकों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। पूरे अभियान की प्रतिदिन मॉनिटरिंग जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद द्वारा की जाएगी। प्रथम चरण में 5 से 7 वर्ष एवं 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों के बायोमेट्रिक अपडेट पर विशेष फोकस किया जा रहा है, ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके।
यूआईडीएआई द्वारा यू-डाइस पोर्टल पर बायोमेट्रिक अपडेट की जानकारी दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यूआईडीएआई के निर्देशानुसार 7 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट एक वर्ष के लिए निःशुल्क किया गया है, जबकि 5 से 7 वर्ष एवं 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए यह सुविधा पहले से ही निःशुल्क है। शिविरों में आधार ऑपरेटरों को आवश्यक दस्तावेजों की सूची, शुल्क विवरण एवं दिशा-निर्देश प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





