कांकेर में पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली नोटों के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने नए बस स्टैंड इलाके में घेराबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 500-500 रुपये के कुल 6 लाख 50 हजार रुपये के जाली नोट बरामद किए गए हैं। मामले के खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।पुलिस अधीक्षक निखिल कुमार राखेचा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान कांकेर निवासी युगल नाग के रूप में हुई है। आरोपी पिछले करीब छह महीनों से अपने घर में ही नकली नोट छापने का काम कर रहा था। उसने घर पर हाई-टेक मशीनों की मदद से नकली नोट तैयार करने की पूरी व्यवस्था बना रखी थी। आरोपी कंप्यूटर, कलर प्रिंटर और स्कैनर की सहायता से एक ही पेज पर दोनों तरफ असली जैसे दिखने वाले नोट प्रिंट करता था और बाद में उन्हें कटर से बारीकी से काटकर बाजार में खपाने की तैयारी करता था।

पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश देकर भारी मात्रा में नकली नोटों के अलावा कंप्यूटर सिस्टम, कलर प्रिंटर, स्कैनर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी भारी कर्ज में डूबा हुआ था और नशे का आदी भी था। कर्ज चुकाने और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने इस अवैध धंधे का रास्ता अपनाया।जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रह चुका है। वह नकली नोटों को स्थानीय बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में खपाने की फिराक में था। फिलहाल कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस को आशंका है कि इस जाली नोट सिंडिकेट के तार अन्य जिलों और राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अब तक कितने नकली नोट बाजार में चलाए और इस पूरे नेटवर्क में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की जांच जारी है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





