रायपुर। छत्तीसगढ़ में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्र सरकार के समक्ष कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे हैं। नई दिल्ली में संसद की प्राक्कलन समिति की बैठक के दौरान उन्होंने राज्य की लंबित रेल परियोजनाओं और नई ट्रेनों की शुरुआत को लेकर विस्तृत सुझाव दिए।
रायपुर-अंबिकापुर और दुर्ग-पुरी के बीच वंदे भारत चलाने की मांग
बैठक में सांसद ने रायपुर से अंबिकापुर और दुर्ग से पुरी के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने का प्रस्ताव रखा। उनका कहना था कि इन मार्गों पर आधुनिक और तेज रफ्तार रेल सेवा शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा।
राजधानी एक्सप्रेस को रोजाना चलाने का सुझाव
बृजमोहन अग्रवाल ने बिलासपुर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को सप्ताह में सीमित दिनों के बजाय प्रतिदिन संचालित करने की भी मांग की। उनका कहना था कि नियमित संचालन से यात्रियों की बढ़ती मांग पूरी होगी और राजधानी तक यात्रा अधिक सुविधाजनक बनेगी।
रायपुर-धमतरी रेल लाइन को विशाखापत्तनम तक बढ़ाने की पैरवी
सांसद ने रायपुर-धमतरी रेल लाइन का विस्तार कांकेर, कोंडागांव और जगदलपुर होते हुए विशाखापत्तनम तक करने का प्रस्ताव भी रखा। उनके अनुसार इस परियोजना से बस्तर क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी और व्यापार, पर्यटन तथा औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
रावघाट-जगदलपुर परियोजना को जल्द पूरा करने पर जोर
उन्होंने कहा कि माओवाद का प्रभाव पहले की तुलना में काफी कम हुआ है। ऐसे में रावघाट-जगदलपुर रेल परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से आगे बढ़ाया जाना चाहिए। इस रेल लाइन के पूरा होने से बस्तर के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
रेलवे भूमि पर रहने वाले परिवारों के पुनर्वास का सुझाव
बैठक के दौरान सांसद ने रेलवे की जमीन पर वर्षों से रह रहे जरूरतमंद परिवारों के पुनर्वास का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराया जाए और इसके लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित की जाए।
अमृत भारत स्टेशन योजना और रायपुर वर्कशॉप पर भी रखी मांग
बृजमोहन अग्रवाल ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ में चल रहे स्टेशन विकास कार्यों को आधुनिक तकनीक के साथ तय समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया। इसके साथ ही रायपुर स्थित वैगन रिपेयरिंग वर्कशॉप को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने की आवश्यकता भी बताई।
बंद हुए ट्रेनों के ठहराव फिर शुरू करने की मांग
उन्होंने कोरोना काल से पहले तिल्दा, भाटापारा सहित अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर जिन ट्रेनों का ठहराव होता था, उन्हें दोबारा बहाल करने का आग्रह किया। साथ ही रायपुर शहर के तेजी से हो रहे विस्तार को देखते हुए रेलवे की भूमि पर सड़क निर्माण के लिए राज्य सरकार को आवश्यक अनुमति देने की भी मांग रखी।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





