रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने सूने मकान में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही नाकाम कर दिया। अमलीडीह स्थित शिव विला कॉलोनी में एक सूने मकान में संदिग्ध गतिविधि देखकर पड़ोसी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और मकान की घेराबंदी कर एक आरोपी और विधि के साथ संघर्षरत दो बालकों समेत कुल 3 लोगों को रंगे हाथ पकड़ लिया।

ताला तोड़कर मकान में घुसे थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 22-23 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात सूचना मिली थी कि शिव विला कॉलोनी स्थित एक सूने मकान में कुछ संदिग्ध लोग घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मकान की घेराबंदी कर अंदर प्रवेश किया। यहां तीन लोग चोरी की कोशिश करते हुए मिले। पुलिस ने मौके से दीपक देवार और विधि के साथ संघर्षरत दो बालकों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे चोरी की नीयत से मकान में दाखिल हुए थे। आरोपियों ने मकान के मुख्य दरवाजे पर लगे ताले को तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। इसके बाद चोरी करने के उद्देश्य से आलमारी का ताला भी तोड़ दिया गया था।
महासमुंद गई थी मकान मालकिन
पुलिस के अनुसार, जिस मकान में चोरी की कोशिश की गई, उसकी प्रार्थिया मकान में ताला लगाकर महासमुंद गई हुई थीं। इसी दौरान मकान के आसपास संदिग्ध गतिविधियां देखकर पड़ोसी को शक हुआ।
पड़ोसी ने बिना देरी किए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही न्यू राजेंद्र नगर पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपियों को चोरी की वारदात पूरी करने से पहले ही पकड़ लिया।
पड़ोसी की सतर्कता से टली बड़ी वारदात
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और पड़ोसी की सजगता के चलते सूने मकान में होने वाली चोरी की बड़ी वारदात को समय रहते विफल कर दिया गया। पुलिस ने तीनों को मौके से रंगे हाथ पकड़ा।
मामले में प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 296/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 331(3), 305 और 62 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपी
1. दीपक देवार, पिता मेम्बर देवार, उम्र 18 वर्ष, निवासी यादव होटल के सामने, अमलीडीह चौक, थाना न्यू राजेंद्र नगर, रायपुर।
2. विधि के साथ संघर्षरत दो बालक।
पुलिस की इस कार्रवाई में न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस और डायल-112 की टीम की त्वरित प्रतिक्रिया के साथ स्थानीय नागरिक की सतर्कता को अहम माना जा रहा है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





