Ajinkya Rahane Retires: नई दिल्ली। दिग्गज भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का एलान कर दिया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर इस बात की जानकारी दी। वीडियो के साथ कैप्शन में रहाणे ने लिखा, कैप 278 अब विदा ले रहा है। इतने सालों तक मिले प्यार और सहयोग के लिए धन्यवाद। हमेशा आभारी रहूंगा।
रहाणे लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे थे। उन्होंने आखिरी इंटरनेशनल मैच 2023 में खेला था। वह जुलाई, 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट खेलते नजर आए थे। वहीं उन्होंने आखिरी वनडे 2018 में और आखिरी टी20 इंटरनेशनल 2016 में खेला था।

रहाणे ने अपने करियर में 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। टेस्ट की 144 पारियों में रहाणे ने 38.46 की औसत और 49.50 के स्ट्राइक रेट से 5077 रन बनाए। इस प्रारूप में उन्होंने 26 अर्धशतक के साथ ही 12 शतक भी लगाए। उनका बेस्ट स्कोर 188 रन है। रहाणे ने 6 टेस्ट में भारतीय टीम की कप्तानी भी की। उनकी कप्तानी में भारत को 4 टेस्ट में जीत मिली। साथ ही 2 मैच ड्रॉ रहे।
वनडे की 87 पारियों में इस बल्लेबाज ने 35.26 की औसत और 78.63 की स्ट्राइक रेट से 2962 रन बनाए। एकदिवसीय क्रिकेट में उन्होंने 24 फिफ्टी और 3 सेंचुरी जड़ीं। वहीं 20 टी20 इंटरनेशनल में रहाणे ने 113.29 की स्ट्राइक रेट से 375 रन बनाए।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





