CG News: नवा रायपुर में खुलेगा प्रतिष्ठित NMIMS, 40 एकड़ में बनेगा आधुनिक कैंपस

रायपुर। छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शामिल नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (NMIMS) अब नवा रायपुर अटल नगर में अपना कैंपस स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में संस्थान की स्थापना के लिए लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल से नवा रायपुर में खुलेगा प्रतिष्ठित NMIMS, उच्च शिक्षा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ लगाएगा नई छलांग

इससे नवा रायपुर को एजुकेशन और नॉलेज हब के रूप में विकसित करने की राज्य सरकार की योजना को भी मजबूती मिलेगी। प्रदेश के युवाओं को प्रबंधन, कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी आधुनिक शिक्षा के राष्ट्रीय स्तर के अवसर अपने ही राज्य में मिल सकेंगे।

40 एकड़ में विकसित होगा NMIMS कैंपस

नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-18 में करीब 40 एकड़ जमीन पर NMIMS का अत्याधुनिक कैंपस विकसित किया जाएगा। संस्थान का संचालन करने वाले श्री विले पार्ले केलवणी मंडल (SVKM) को यह जमीन 90 वर्षों की लीज पर दी गई है।

राज्य मंत्रिपरिषद ने 21 जनवरी 2026 को संस्थान के लिए भूमि आवंटन के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। इसके बाद आवश्यक प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाते हुए अब लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री पूरी कर ली गई है।

संस्थान की स्थापना की पूरी प्रक्रिया अगले सात वर्षों में पूरी करने का लक्ष्य है, जबकि दो से तीन वर्षों के भीतर पहला शैक्षणिक बैच शुरू करने की योजना है। कैंपस पूरी तरह विकसित होने के बाद यहां करीब 10 हजार विद्यार्थी अध्ययन कर सकेंगे।

प्रदेश के युवाओं को मिलेंगे नए अवसर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के लिए बड़े महानगरों की ओर न जाना पड़े। उन्हें अपने ही प्रदेश में देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के समान अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

NMIMS की स्थापना से विद्यार्थियों को प्रबंधन, कौशल विकास और आधुनिक रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में उच्च गुणवत्ता की शिक्षा मिलने की उम्मीद है। इससे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता भी कम होगी।

शिक्षा के साथ रोजगार और उद्यमिता को भी बढ़ावा

NMIMS कैंपस का प्रभाव केवल शिक्षा तक सीमित नहीं रहेगा। संस्थान की मौजूदगी से कौशल विकास, नवाचार, रोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में भी नए अवसर बनने की संभावना है।

विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय से उद्योगों की बदलती जरूरतों के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने में मदद मिलेगी। साथ ही विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव, शोध और स्टार्टअप से जुड़ने के अवसर भी मिल सकते हैं।

नवा रायपुर बनेगा एजुकेशन और नॉलेज हब

राज्य सरकार नवा रायपुर अटल नगर को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर कनेक्टिविटी वाले शहर के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर के एजुकेशन और नॉलेज हब के रूप में विकसित करने पर जोर दे रही है।

NMIMS जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के आने से देश के अलग-अलग हिस्सों से विद्यार्थी, शिक्षक और शोधकर्ता नवा रायपुर पहुंचेंगे। इससे शहर के शैक्षणिक और बौद्धिक वातावरण का विस्तार होने के साथ शिक्षा से जुड़ी सहायक सेवाओं और रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।

CM साय बोले- युवाओं को भविष्य के लिए तैयार करना प्राथमिकता

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर प्रदेश की युवा शक्ति को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है। NMIMS की स्थापना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, आवास एवं पर्यावरण सचिव अंकित आनंद तथा नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही नवा रायपुर में NMIMS कैंपस की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। आने वाले वर्षों में यह संस्थान छत्तीसगढ़ के हजारों युवाओं को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा और कौशल के अवसर देने के साथ नवा रायपुर की पहचान को देश के प्रमुख शिक्षा केंद्रों में स्थापित करने में अहम भूमिका निभा सकता है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel