CG News: राष्ट्रपति से मुलाकात कर लौटे छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों ने CM विष्णुदेव साय से की सौजन्य भेंट

रायपुर। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर लौटे छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को राष्ट्रपति भवन की अपनी यादगार यात्रा और राष्ट्रपति के साथ हुए आत्मीय संवाद के अनुभव साझा किए।

राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की प्रतिभा और समृद्ध लोक संस्कृति की विद्यार्थियों ने छोड़ी अमिट छाप

मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।

विद्यार्थियों ने साझा किए राष्ट्रपति भवन के अनुभव

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनकी यात्रा और राष्ट्रपति से हुई मुलाकात के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने बताया कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मिलना उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रहा। राष्ट्रपति ने बच्चों से सहज और आत्मीयता के साथ बातचीत की तथा उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जाना।

विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन के भ्रमण और वहां बिताए यादगार पलों के अनुभव भी मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।

CWSN छात्र नुकेश को राष्ट्रपति ने बांधी राखी

रक्षाबंधन के अवसर पर हुई इस विशेष मुलाकात का सबसे भावुक क्षण उस समय आया, जब राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने CWSN (Children with Special Needs) विद्यार्थी नुकेश कुमार वर्मा को स्वयं राखी बांधी। राष्ट्रपति का यह आत्मीय स्नेह नुकेश सहित वहां मौजूद विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए यादगार बन गया।

छात्राओं ने प्रस्तुत किया सुवा नृत्य

राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति की भी शानदार झलक देखने को मिली। छात्राओं ने प्रदेश के पारंपरिक सुवा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। लोकगीत, संगीत और पारंपरिक नृत्य से सजी इस प्रस्तुति को राष्ट्रपति ने सराहा और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति एवं परंपराओं की प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह गर्व की बात है कि प्रदेश के बच्चों ने देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद से जुड़े राष्ट्रपति भवन में अपनी प्रतिभा के साथ छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत का भी परिचय दिया।

CM साय बोले- बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा और संभावनाओं की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें सही अवसर, प्रोत्साहन और मंच मिले तो वे हर क्षेत्र में प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। ऐसे अवसर बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उनके सपनों को नई दिशा देते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई जारी रखने तथा जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए लगातार प्रयास करने का आह्वान किया।

इन विद्यार्थियों ने की राष्ट्रपति से मुलाकात

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से भेंट करने वाले विद्यार्थियों में नारायणपुर की राजवती पोयाम, सुकमा के हिमांशु ठाकुर, दुर्ग की पायल राजानी, महासमुंद की रागनी साहू, रायपुर के नुकेश कुमार वर्मा तथा महासमुंद के दुर्गेश साहू और डिगेश सेन शामिल थे।

इस अवसर पर डॉ. मुक्ति बैस, राज्य नोडल अधिकारी, समग्र शिक्षा, रायपुर तथा चंद्रशेखर मिथलेश, व्याख्याता (भौतिकी), शासकीय आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महासमुंद भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राष्ट्रपति से मिले प्रोत्साहन और इस यात्रा के अनुभव को वे आगे बढ़ने की प्रेरणा बनाएं और अपनी उपलब्धियों से परिवार, छत्तीसगढ़ और देश को गौरवान्वित करें।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel