रायपुर। छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर अभी थमा नहीं है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से बुधवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने खासकर उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।

मौसम विभाग के मुताबिक मौसमी सिस्टम अगले 48 घंटे के दौरान उत्तरी ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है। इसके चलते प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है।
रायपुर में भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। शहर के कुछ हिस्सों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। कुछ स्थानों पर 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
कई जिलों में यलो अलर्ट
इसके अलावा प्रदेश के कई जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, बेमेतरा समेत अन्य जिले शामिल हैं।
मंगलवार को भी हुई जमकर बारिश
मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं बलरामपुर जिले के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 31 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चांदो में 15 सेमी बारिश
मंगलवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश चांदो में 15 सेमी दर्ज की गई। इसके बाद रामचंद्रपुर में 12 सेमी, जबकि रामानुजगंज और वाड्रफनगर में 8-8 सेमी बारिश हुई।
बलरामपुर, कुसमी, सामरी, रघुनाथनगर और राजपुर में 7-7 सेमी, चलगली और शंकरगढ़ में 6-6 सेमी, जबकि बलौदाबाजार, सोनाखान और जनकपुर-भरतपुर में 5-5 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रदेश के अन्य कई हिस्सों में भी बारिश दर्ज की गई।
आकाशीय बिजली और तेज हवाओं से सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने बारिश के दौरान आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। गरज-चमक के समय खुले मैदान, पेड़ों, बिजली के खंभों और अन्य असुरक्षित स्थानों से दूरी बनाए रखना बेहतर होगा। बारिश के दौरान वाहन चलाने वाले लोगों को भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





