रायपुर। पंडरी थाना क्षेत्र स्थित सिटी सेंटर मॉल के सामने मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार कार और रांग साइड से आ रही बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई और उसके दोनों एयरबैग खुल गए। हादसे में बाइक सवार और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रांग साइड से आ रही थी बाइक
प्राथमिक जानकारी के अनुसार बाइक सवार रांग साइड पर चल रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही कार से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार डिवाइडर से जा भिड़ी।
स्थानीय लोगों ने की मदद
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को वाहन से बाहर निकालकर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस कर रही जांच
सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बाइक सवार का रांग साइड पर चलना बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायलों की पहचान और उनकी स्वास्थ्य स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





