Chhattisgarh News: सक्ती को 121.70 करोड़ की सौगात, शिवराज सिंह चौहान और CM साय ने 38 विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन

रायपुर। केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित कार्यक्रम में जिले को 121 करोड़ 70 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। दोनों नेताओं ने कुल 38 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।

केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सक्ति जिले में 121.70 करोड़ रुपए के 38 विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन

इनमें करीब 79.25 करोड़ रुपए की लागत के 23 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लगभग 42.46 करोड़ रुपए के 15 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इन परियोजनाओं से सक्ती जिले में सड़क संपर्क के विस्तार के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, प्रशासनिक और ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

37 किलोमीटर से अधिक सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी

भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में करीब 25.82 करोड़ रुपए की लागत से देवरघटा, बरतुंगा, तुलसीडीह, अण्डा, चरौदा होते हुए सपिया नहरपार तक 22 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण शामिल है।

इसके अलावा करीब 15.30 करोड़ रुपए की लागत से छुहीपाली से कटेकोनी बड़े-कर्राखई-ठाकुरपाली होते हुए सेमराडीह तक 12 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं नवीनीकरण का कार्य भी शुरू होगा।

अण्डी-किरकार-जगमहन से सातबहिनिया तक सड़क, नगझर-नवापारा मार्ग और गुरेराडीह किरारी से केसला मुख्य मार्ग सहित विभिन्न सड़क परियोजनाओं का भी भूमिपूजन किया गया।

शिक्षा और युवाओं के लिए भी नए भवन

कार्यक्रम में शिक्षा और युवाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई। इनमें शासकीय कन्या महाविद्यालय सक्ती का नवीन भवन, बेदराम शासकीय महाविद्यालय मालखरौदा का अतिरिक्त भवन और नवीन लाइवलीहुड संस्थान भवन शामिल हैं।

इन भवनों के निर्माण से विद्यार्थियों और युवाओं को बेहतर शैक्षणिक एवं कौशल विकास सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।

स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न ग्रामों में उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों का निर्माण भी शामिल है। इसके साथ ही महिलाओं के लिए महतारी सदनों के निर्माण कार्यों की भी आधारशिला रखी गई।

इन परियोजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर बनाना है।

42.46 करोड़ के विकास कार्य जनता को समर्पित

कार्यक्रम में करीब 42.46 करोड़ रुपए की लागत वाले 15 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें मालखरौदा क्षेत्र में लगभग 14.35 करोड़ रुपए की लागत से कलमी नहरपार से चिखली, छोटेकोट, बड़ेकोट, सिंघरा होते हुए बेल्हाडीह तक सड़क निर्माण प्रमुख है।

इसी तरह करीब 11.35 करोड़ रुपए की लागत से देवरघटा से कठरापाली, निमोही, सिंघीतराई, बेनीपाली होते हुए ओड़ेकेरा मुख्य मार्ग तक पुल-पुलिया सहित सड़क निर्माण का भी लोकार्पण किया गया। इसके अलावा बुंदेली-अड़भार मार्ग को भी जनता को समर्पित किया गया।

पुलिस और प्रशासनिक अधोसंरचना को भी मजबूती

विकास कार्यों में सड़क और शिक्षा के साथ प्रशासन एवं सुरक्षा से जुड़े प्रोजेक्ट भी शामिल हैं। चन्द्रपुर और हसौद के नवीन तहसील कार्यालय भवन, डभरा, चन्द्रपुर और जैजैपुर के नवीन पुलिस थाना भवन तथा अड़भार पुलिस चौकी भवन का लोकार्पण किया गया।

इसके अलावा सुलौनी हाईस्कूल भवन, गोपालपुर प्रशिक्षण भवन और गोबरा में महतारी सदन सहित अन्य विकास कार्य भी जनता को समर्पित किए गए।

जल जीवन मिशन और ग्रामीण सुविधाओं पर भी जोर

कार्यक्रम में जल जीवन मिशन के तहत स्थापित सोलर ड्यूल पंप सहित ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न कार्यों का भी लोकार्पण किया गया। इससे पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

सक्ती जिले में एक साथ 38 विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन को क्षेत्र की सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel

यह भी देखें...