लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp ने अपने वेब वर्जन के लिए ग्रुप वॉयस और वीडियो कॉलिंग फीचर पेश कर दिया है। फिलहाल इस फीचर की बीटा वर्जन में टेस्टिंग चल रही है। नए अपडेट के बाद यूजर्स बिना WhatsApp डेस्कटॉप ऐप और फोन के भी सीधे ब्राउजर के जरिए ग्रुप कॉलिंग कर सकेंगे।
अब तक WhatsApp Web पर केवल पर्सनल चैट के लिए वॉयस और वीडियो कॉलिंग की सुविधा उपलब्ध थी, लेकिन ग्रुप कॉलिंग का विकल्प नहीं दिया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी अब अपनी वेब ग्रुप कॉलिंग सर्विस का दायरा बढ़ाने जा रही है।
32 लोगों तक जुड़ सकेंगे एक साथ
नया फीचर मिलने के बाद यूजर्स अपने लैपटॉप या कंप्यूटर पर ब्राउजर में WhatsApp Web खोलकर कॉल बटन पर क्लिक करेंगे। यहां उन्हें वॉयस कॉल और वीडियो कॉल के दो विकल्प दिखाई देंगे, जिनमें से वे अपनी जरूरत के अनुसार किसी एक को चुन सकेंगे।

WhatsApp Web के जरिए एक ग्रुप कॉल में अधिकतम 32 लोग शामिल हो सकेंगे। यह फीचर ऑफिस मीटिंग, ऑनलाइन चर्चा और टीम सहयोग के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है। इससे बार-बार अलग से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग प्लेटफॉर्म का सहारा लेने की जरूरत भी कम होगी।
कंपनी के मुताबिक, वेब ग्रुप कॉलिंग में भी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन की सुविधा मिलेगी, जिससे यूजर्स की बातचीत और डेटा सुरक्षित रहेगा।
इसके अलावा आने वाले दिनों में WhatsApp Web पर कॉल लिंक और स्क्रीन शेयरिंग जैसे फीचर्स भी जोड़े जाएंगे। इनकी मदद से यूजर्स ग्रुप कॉल के दौरान अपने कंप्यूटर या लैपटॉप की स्क्रीन पर मौजूद प्रेजेंटेशन, दस्तावेज़ और अन्य कंटेंट आसानी से शेयर कर सकेंगे
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





