। जिले के नगरी विकासखंड से लगभग 40 किलोमीटर दूर स्थित बोराई में अंतरराज्यीय बस टर्मिनल स्थापित किए जाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। जिला परिवहन अधिकारी, धमतरी द्वारा लोक निर्माण विभाग (भवन/सेतु) के कार्यपालन अभियंता को पत्र भेजकर प्रस्तावित बस टर्मिनल के लिए स्थल परीक्षण, विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) एवं विस्तृत प्राक्कलन तैयार करने की कार्रवाई करने कहा गया है।
प्राप्त पत्र के अनुसार, कलेक्टर धमतरी के निर्देशानुसार बोराई में अंतरराज्यीय बस टर्मिनल की स्थापना का प्रस्ताव विचाराधीन है। बोराई भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। यह क्षेत्र पड़ोसी राज्य ओडिशा के नवरंगपुर जिले तथा छत्तीसगढ़ के कांकेर और कोंडागांव (केशकाल) क्षेत्रों के समीप स्थित है।
अंतरराज्यीय आवाजाही का प्रमुख संपर्क बिंदु बनेगा बोराई
बोराई क्षेत्र अंतरराज्यीय एवं अंतरजिला आवागमन के लिए महत्वपूर्ण संपर्क बिंदु के रूप में विकसित हो सकता है। यहां आधुनिक बस टर्मिनल की स्थापना होने से यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
प्रस्तावित बस टर्मिनल के माध्यम से क्षेत्र में यात्रियों के लिए सुविधाजनक और व्यवस्थित बस परिवहन व्यवस्था विकसित होने की उम्मीद है। इससे नगरी, सिहावा सहित सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिलने की संभावना है।

आगामी बजट में शामिल कराने की तैयारी
जिला परिवहन अधिकारी द्वारा लोक निर्माण विभाग को भेजे गए पत्र में प्रस्तावित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल के लिए स्थल का परीक्षण कर आवश्यकतानुसार विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन एवं विस्तृत प्राक्कलन तैयार करने तथा परियोजना को आगामी बजट में शामिल कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
पत्र में कहा गया है कि परियोजना से संबंधित आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी कर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रस्ताव को शासन स्तर पर अग्रेषित किया जा सके।
यदि यह प्रस्ताव मूर्त रूप लेता है तो बोराई क्षेत्र धमतरी जिले का एक महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय परिवहन केंद्र बन सकता है। इससे न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि धमतरी, कांकेर, कोंडागांव और ओडिशा के नवरंगपुर क्षेत्र के बीच आवागमन भी और अधिक सुगम होने की उम्मीद है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





