रायपुर। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai की अध्यक्षता में मंगलवार को नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में राज्य मंत्रिपरिषद की अहम बैठक आयोजित होगी। सुबह 11 बजे होने वाली इस बैठक में प्रशासनिक, किसान हितैषी और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के बाद फैसले लिए जा सकते हैं।
बैठक को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों पर लगी रोक हटाने तथा नई स्थानांतरण नीति को लेकर है। माना जा रहा है कि सरकार नई ट्रांसफर नीति को मंजूरी दे सकती है, जिसके बाद विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर तबादलों का रास्ता खुल जाएगा।
कैबिनेट में आगामी खरीफ विपणन वर्ष के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, कस्टम मिलिंग नीति और किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता की समीक्षा भी की जाएगी। खेती-किसानी से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सरकार निर्णय ले सकती है, जिसका सीधा लाभ प्रदेश के किसानों को मिलने की उम्मीद है।

इसी दिन राज्य सरकार की बहुप्रतीक्षित CM हेल्पलाइन 1076 सेवा भी शुरू की जा रही है। सुशासन तिहार के समापन के बाद शुरू होने वाली इस व्यवस्था के तहत नागरिक टोल फ्री नंबर 1076 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इसके अलावा वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप और व्हाट्सएप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध होगी।
सूत्रों के मुताबिक कैबिनेट बैठक में सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त शिकायतों और सुझावों की समीक्षा भी की जा सकती है। साथ ही कर्मचारियों, किसानों और उद्योगों से जुड़े विभिन्न विभागीय प्रस्तावों को भी मंजूरी मिलने की संभावना है।
राज्य सरकार की आगामी प्रशासनिक रणनीति और किसान कल्याणकारी योजनाओं के लिहाज से आज की कैबिनेट बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे प्रदेश में प्रशासनिक बदलावों के साथ कई नई घोषणाओं का रास्ता भी साफ हो सकता है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





