रायपुर। सराफा बाजार में पिछले 26 दिनों से जारी गिरावट के चलते सोना और चांदी के दाम में बड़ी कमी दर्ज की गई है। सोना अपने हालिया उच्च स्तर से करीब ₹13 हजार प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया है, जबकि चांदी की कीमत में करीब ₹39 हजार प्रति किलो की गिरावट आई है। कीमतें कम होने के बाद बाजारों में गहनों की खरीदारी करने वालों की भीड़ बढ़ने लगी है।
रायपुर के सराफा कारोबारी हरख मालू के अनुसार, फिलहाल 24 कैरेट सोने का भाव करीब ₹1.42 लाख प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव करीब ₹2.40 लाख प्रति किलो है। जून की शुरुआत में सोना करीब ₹1.55 लाख प्रति 10 ग्राम था, जो अब काफी नीचे आ चुका है। वहीं चांदी भी ₹2.79 लाख प्रति किलो से घटकर ₹2.40 लाख प्रति किलो पर पहुंच गई है।
वैश्विक कारणों से आई गिरावट
विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिकी डॉलर की मजबूती, वैश्विक तनाव में कमी और निवेशकों की मुनाफावसूली के कारण सोने-चांदी की कीमतों में लगातार नरमी देखने को मिल रही है। इससे पहले इस साल दोनों कीमती धातुओं ने रिकॉर्ड स्तर छुए थे।
जनवरी में सोना करीब ₹1.76 लाख प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था, जबकि चांदी ने ₹3.86 लाख प्रति किलो का ऐतिहासिक स्तर बनाया था।
कम कीमत का फायदा उठाने बाजार पहुंचे खरीदार
कीमतों में गिरावट के बाद शादी-ब्याह और निवेश के लिए सोना-चांदी खरीदने वालों की संख्या बढ़ गई है। सराफा बाजार में ग्राहकों की अच्छी आवाजाही देखने को मिल रही है।
सोना खरीदते समय रखें इन बातों का ध्यान
हमेशा BIS हॉलमार्क वाला सोना ही खरीदें।
खरीदने से पहले उस दिन का ताजा बाजार भाव जरूर जांच लें।
24, 22 और 18 कैरेट सोने की कीमत अलग-अलग होती है, इसलिए कैरेट की पुष्टि करें।
अधिकृत ज्वेलर से बिल के साथ ही खरीदारी करें।

असली चांदी की पहचान के 4 आसान तरीके
मैग्नेट टेस्ट: असली चांदी चुंबक से नहीं चिपकती।
आइस टेस्ट: असली चांदी पर बर्फ तेजी से पिघलती है।
स्मेल टेस्ट: असली चांदी में किसी प्रकार की गंध नहीं होती।
क्लॉथ टेस्ट: सफेद कपड़े से रगड़ने पर काला निशान आना असली चांदी का संकेत माना जाता है।
कीमतों में आई यह गिरावट उन लोगों के लिए राहत भरी है जो लंबे समय से सोना या चांदी खरीदने का इंतजार कर रहे थे। हालांकि, निवेश से पहले बाजार की चाल और विशेषज्ञों की सलाह पर भी ध्यान देना जरूरी है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





