Balrampur Wild Mushroom Poisoning: जंगली मशरूम खाने से 9 लोग बीमार, 3 बच्चों की भी बिगड़ी तबीयत

बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र में जंगली मशरूम (पुटु/खुखड़ी) खाने से एक ही परिवार के 9 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बीमारों में 3 बच्चे भी शामिल हैं। सभी को उल्टी, पेट दर्द और फूड पॉइजनिंग जैसी शिकायत होने पर तत्काल वाड्रफनगर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत स्याही के परिवार के सदस्यों ने जंगल से लाकर जंगली पुटु (खुखड़ी) की सब्जी बनाई थी। भोजन करने के कुछ ही समय बाद परिवार के सभी सदस्यों को एक-एक कर उल्टी, पेट दर्द और बेचैनी की शिकायत होने लगी। हालत बिगड़ने पर परिजन सभी को तत्काल वाड्रफनगर सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे।

वाड्रफनगर के बीएमओ डॉ. हेमंत दीक्षित ने बताया कि सभी मरीजों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। समय पर अस्पताल पहुंच जाने के कारण सभी की हालत फिलहाल सामान्य है और वे खतरे से बाहर हैं। चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगल से मिलने वाले अज्ञात या जंगली मशरूम एवं अन्य खाद्य पदार्थों का सेवन करने से बचें। विभाग ने यह भी कहा है कि यदि भोजन करने के बाद उल्टी, पेट दर्द, चक्कर या अन्य असामान्य लक्षण दिखाई दें तो बिना देर किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में उपचार कराएं।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel