कांकेर..14 साल के छात्र की मौत का राज खुलेगा पोस्टमार्टम से

कांकेर। अंतागढ़ क्षेत्र के सारंडी छात्रावास में 14 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब जांच के नए चरण में पहुंच गया है। परिजनों की आपत्ति और लगातार उठ रहे सवालों के बाद प्रशासन ने दफनाए जा चुके शव को कब्र से बाहर निकालने का फैसला लिया। एसडीएम के आदेश के बाद प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शव का उत्खनन किया गया।

बताया जा रहा है कि कक्षा 9वीं में पढ़ने वाले छात्र की छात्रावास में अचानक मौत हो गई थी। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराए बिना अंतिम संस्कार किए जाने की बात सामने आई, जिसे लेकर परिजनों ने गंभीर आपत्ति जताई। मृतक के पिता ने छात्र की मौत को संदिग्ध बताते हुए प्रशासन से शव को कब्र से बाहर निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी।

अधीक्षक पर लापरवाही के आरोप

परिजनों ने छात्रावास अधीक्षक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि मौत के बाद पोस्टमार्टम नहीं कराने के लिए परिवार पर दबाव बनाया गया। मामले को लेकर परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की।

अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

शव को कब्र से बाहर निकालने के बाद अब पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मेडिकल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई थी। फिलहाल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय होने की संभावना है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel